राष्ट्रमत न्यूज नई दिल्ली(ब्यूरो)। दिल्ली के डिप्टी सीएम प्रवेश साहिब वर्मा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारकर बुरे फस गए। आप ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रही है। रविवार को धरना प्रदर्शन के बाद भी आप ने फैसला किया है जब तक प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी विरोध जारी रहेगा। जाहिर है कि आप को बीजेपी के खिलाफ सियासी मुद्दा मिल गया है।

युवक को थप्पड़ मार दिया
तिलक नगर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता जांचने पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आप विधायक जरनैल सिंह आमने-सामने आ गए। रविवार को सड़क की जांच के दौरान उस समय विवाद बढ़ गया, जब आप विधायक के साथ पहुंचे वीडियोग्राफर ने वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री ने युवक को थप्पड़ मार दिया।

हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जनरैल सिंह और विधायक कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डीसीपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। सड़क पर प्रदर्शन करने पर पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था

विधायक जरनैल सिंह के मुताबिक, रविवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने उन्हें फोन कर मौके पर बुलाया और सड़क की गुणवत्ता की जांच करने की बात कही। विधायक अपने समर्थकों और वीडियोग्राफरों के साथ मौके पर पहुंचे। विधायक के सोशल मीडिया हैंडल के लिए वीडियो बनाने वाले युवक भी मौके पर मौजूद थे। युवक के मुताबिक, वह मंत्री के सामने पूरी कार्रवाई को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर मंत्री ने उसे थप्पड़ मार दिया। युवक ने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए कुछ समर्थकों की ओर से उसे धमकी भी दी गई।