मासूम की मौत के बाद नगर निगम ने पकड़े 20 कुत्ते, पीड़ित को 1लाख की मदद - rashtrmat.com

मासूम की मौत के बाद नगर निगम ने पकड़े 20 कुत्ते, पीड़ित को 1लाख की मदद

राष्ट्रमत न्यूज,कोरबा (ब्यूरो)। कोरबा में दादर में आवारा कुत्तों के हमले से 5 साल के मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद   शुक्रवार को निगम आयुक्त आशुतोष पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद दादर क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू किया गया।

Municipal Corporation swings into action following death of a young child 20 dogs captured in Dadar in Korba

आवारा कुत्तों की तुरंत धर-पकड़

आयुक्त आशुतोष पांडे ने दादर पहुंचकर स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की तुरंत धर-पकड़ की जाए। आयुक्त ने कहा कि इस तरह की घटना बेहद दुखद है और इसे रोकने के लिए निगम गंभीरता से काम करेगा।

कुत्तों का बधियाकरण किया

निगम की टीम ने दादर और आसपास के इलाकों में अभियान चलाकर 15 से 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा। सभी कुत्तों को बधियाकरण के लिए नगर निगम द्वारा बनाए गए सेंटर भेजा गया है। आयुक्त ने बताया कि इससे पहले भी निगम द्वारा आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए जा चुके हैं। निगम के बधियाकरण सेंटर में अब तक हजार से अधिक कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है और यह प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।

जब मासूम घर लौट रहा था

दादर में गुरुवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के मासूम प्रकाश पटेल पर हमला कर दिया था। प्रकाश अपने पिता किशोर पटेल से मिलने गया था जो वहां मजदूरी कर रहे थे। मिलने के बाद जब मासूम घर लौट रहा था तभी रास्ते में कुत्तों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर नोच डाला। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता किशोर पटेल मूलतः जांजगीर जिले के निवासी हैं और परिवार के साथ दादर में रहकर रोजी-मजदूरी करते हैं।