मेयर ने मांगे 3 लाख रुपए,आडियो वायरल,रोते हुए बोलीं मेरे खिलाफ साजिश की - rashtrmat.com

मेयर ने मांगे 3 लाख रुपए,आडियो वायरल,रोते हुए बोलीं मेरे खिलाफ साजिश की

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)।   छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत पर मीना बाजार लगाने की अनुमति दिलाने के एवज में 3 लाख रुपए लेने का आरोप लगाते हुए ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद सोमवार को वे अजाक थाने पहुंचीं और ऑडियो बनाने के साथ उसे वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।इधर, युवक कांग्रेस ने कलेक्टोरेट चौक पर प्रदर्शन किया और सड़क पर स्पीकर लगाकर लीक ऑडियो को पब्लिक को सुनाया।

लीक ऑडियो को पब्लिक को सुनाया

मीडिया से बात करते हुए महापौर रोने लगीं और उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ षडयंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 21 जून की शाम उन्हें फोन पर बताया गया कि आपका किसी ने ऑडियो जारी किया है। इसके बाद उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वह ऑडियो सुना। महापौर ने कहा कि उन्हें नहीं लगा कि वह आवाज उनकी है और उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की है।वहीं, कांग्रेस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, युवक कांग्रेस ने कलेक्टोरेट चौक पर प्रदर्शन किया और सड़क पर स्पीकर लगाकर लीक ऑडियो को पब्लिक को सुनाया।

 मेरे खिलाफ एक साजिश है-मंजूषा

मीडिया से बात करते हुए महापौर मंजूषा भगत भावुक हो गईं और रोने लगीं। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ एक साजिश है। उन्होंने थाना प्रभारी से मांग की कि वायरल ऑडियो की बारीकी से जांच की जाए और इसमें जिस व्यक्ति अनुराग मिश्रा की आवाज बताई जा रही है, उसकी भी जांच की जाए।महापौर ने कहा कि इस ऑडियो से वह और उनका परिवार बहुत परेशान हैं। उन्होंने बताया कि वे कई दिनों से ठीक से खाना-पीना भी नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे पांचवीं बार चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन उनके साथ पहली बार ऐसा षडयंत्र किया गया है। उनका कहना है कि वे आदिवासी महिला हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा किया गया है।

 तीन लाख से कम नहीं चाहिए

वायरल ऑडियो में कथित रूप से अनुराग मिश्रा तीन लोगों से बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। इनमें एक आवाज भाजपा जिलाध्यक्ष और दूसरी आवाज महापौर मंजूषा भगत के होने का दावा किया गया है। दावा किया गया है कि मीना बाजार लगाने की अनुमति देने के लिए बड़ी रकम की मांग की गई।ऑडियो में अनुराग मिश्रा ने कथित रूप से महापौर मंजूषा भगत से बात करते हुए दिए गए पैसे वापस मांगे। अनुराग मिश्रा ने महापौर से कहा कि मेरे पास इतना नहीं है कि तीन लाख रुपए जिलाध्यक्ष को दूं और अलग से इधर दूं। मुझे कलाकेंद्र मैदान में अफीम की खेती नहीं करनी है।ऑडियो में महापौर कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि घर में किसी को बोल देती हूं, जाकर ले लेना। अनुराग मिश्रा कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मैं अध्यक्ष जी के घर गया था। आपने कहा था कुछ लेते जाना। उन्होंने पैसा फेंककर कहा कि तीन लाख से कम नहीं चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *