जल, जंगल, जमीन छीनने वालों के खिलाफ चलाएंगे छत्तीसगढ़ में आंदोलन-राहुल - rashtrmat.com

जल, जंगल, जमीन छीनने वालों के खिलाफ चलाएंगे छत्तीसगढ़ में आंदोलन-राहुल

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)।   राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस को अगले तीन महीने का बड़ा एजेंडा दिया है। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस के द्वारा जल, जंगल, जमीन की लड़ाई लड़ी जाएगी। बड़े औद्योगिक घरानों के द्वारा बस्तर, रायगढ़, तमनार, हसदेव में जंगल काटे जाने का विरोध किया जाएगा। साथ ही इनके खिलाफ आंदोलन करते हुए प्रभावित लोगों के साथ कांग्रेसी मिलकर आवाज उठाएंगे।

नेताओं ने अलग-अलग सुझाव दिए

उन्होंने नेताओं से फीडबैक लिया और अलग-अलग नेताओं की बातें सुनीं। नेताओं ने सुझाव दिया कि यहां जल, जंगल और जमीन बड़ा मुद्दा है। इसपर हमें लड़ाई लड़नी चाहिए। एक नेता ने सुझाया कि खेती-किसानी का सीजन है। खाद की कमी पर मोर्चा खोलना चाहिए। नीट और महंगाई के मुद्दे पर भी नेताओं ने अलग-अलग सुझाव दिए।

कांग्रेस लगातार अभियान चलाएगी

नेताओं से बातचीत के दौरान यह तय किया गया कि अगले तीन माह तक प्रदेश कांग्रेस लगातार अभियान चलाएगी। उसके बाद राहुल गांधी की छत्तीसगढ़ यात्रा होगी और रायपुर में उनका एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राहुल ने प्रदेश में आने वाले दो-ढाई सालों के दौरान बड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने नेताओं से इन मुद्दों को लेकर रणनीति तैयार करने कहा।पूर्व सीएम भूपेश बघेल, चरणदास चरण, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, तामम्रध्वज साहू, अमरजीत भगत, डा. शिवकुमार डहरिया, विकास उपाध्याय, उमेश पटेल, अनिला भेंडिया सहित अन्य मंत्री व नेता शामिल थे। नेताओ के साथ बैठक करने से पहले राहुल ने प्रदेश कांग्रेस के द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इसमें नीट, बढ़ती महंगाई, जल, जंगल की लड़ाई, मनरेगा, पदयात्रा वोट चोर, गद्दी छोड़ जैसे मामलों की अलग-अलग तस्वीरें लगाई गई थी। इसी में प्रदेश कांग्रेस द्वारा बूथों के गठन पर किस तरह काम किया गया है। उसकी भी फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। 

कोई कमी नहीं रहनी चाहिए

नेताओं से चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन अच्छा काम कर रहा है और हमें सब मिलकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़नी है। संगठन जो भी कार्यक्रम तय करे, उसमें सारे लोग मिलकर मजबूती से काम करें। हमें प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए काम करना है। इसमें किसी तरह की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

 उमेश पटेल से राहुल की अकेले में बात 

राहुल गांधी ने खरसिया विधायक उमेश पटेल से करीब 15 मिनट तक अकेले में चर्चा की। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान संभवत: उमेश पटेल को किसी बड़ी जिम्मेदारी देने की संभावना पर चर्चा हुई है। इस दौरान वहां राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम, विधायक देवेंद्र यादव, कुलदीप जुनेजा, डॉ. विनय जायसवाल, प्रमोद दुबे और सुबोध हरितवाल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी थे।