राष्ट्रमत न्यूज,बिलासपुर(ब्यूरो)। लगातार दो बेटियां पैदा होने के बाद एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतका के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि पूरा मामला खुदकुशी जैसा दिखाई दे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

मायके से रकम मांगने का दबाव
जानकारी के अनुसार सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सकर्रा की रहने वाली दुर्गा निर्मलकर (26) का विवाह वर्ष 2022 में ग्राम सैदा निवासी रोहित निर्मलकर (30) के साथ हुआ था। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया। मायके पक्ष के अनुसार दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे और लगातार उस पर मायके से 1 लाख 65 हजार रुपये लाने के लिए दबाव बना रहे थे।
मारपीट के बाद गला घोंटा
26 सितंबर को ससुराल में विवाद के दौरान आरोपियों ने दुर्गा की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उन्होंने पट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से मृतका की साड़ी से उसके शव को कमरे में फंदे से लटका दिया।