बैगा अंचल में फिर मलेरिया के संक्रमण का फैलाव,सात बच्चे बीमार - rashtrmat.com

बैगा अंचल में फिर मलेरिया के संक्रमण का फैलाव,सात बच्चे बीमार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के बैगा आदिवासी अंचल में एक बार फिर बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। क्षेत्र में मलेरिया, तेज बुखार और मिजल्स संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।   वर्तमान में 07 बच्चे बीमार बताए जा रहे हैं, जिनके शरीर पर बड़े बड़े दाने उभर आये है। बिमारी पर नियंत्रण की चर्चाओ के बीच दोबारा बीमारी के लक्षण सामने आना स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। क्योकि पूर्व में बैगा बहुल गांवों में मलेरिया और खसरा के संक्रमण से गंभीर स्थिति का सामना हुआ है।

कई पीड़ित परिवारो को मुआवजा नहीं मिला
बता दे कि बैगा अंचल में निवासरत् बच्चो की मिजल्स संक्रमण से मौत ने पूरे सिस्टम को झकझोर दिया है। जहां कांग्रेस विधायक ने लगभग 55 बच्चो की मौत का दावा किया है तो वही प्रशासन पर आंकडे छिपाने के आरोप लगाये जा रहे है। इसके अलावा कई पीड़ित परिवारो को मुआवजा भी नहीं मिला है। जिससे सरकार और प्रशासन की मानसिकता पर भी सवाल उठ रहे है। अब मौजूदा समय में पुन: उन्ही प्रभावित गांवो में बच्चे मलेरिया अ‍ौर मिजल्स से पीड़ित नजर आ रहे है। जहां बच्चो के चेहरे पर बडे बडे फफोले उठ रहे है और वे दर्द दे रहे है। इसके अलावा कुछ बच्चे तेज बुखार से भी पीड़ित है। जहां करीब 07 बच्चे को स्वास्थ विभाग ने अपनी निगरानी में रखा है।

क्षेत्र में एक बार फिर तेज बुखार
अडोरी पंचायत के सरपंच परसराम धुर्वे ने  बताया कि क्षेत्र में एक बार फिर तेज बुखार, मलेरिया और दाने उठने का सक्रमण  बढ़ने लगा है। लेकिन इस बार शरीर पर उभरने वाले दाने बड़े आकार में स्पष्ट नजर आ रहे है, जो दर्द भी दे रहे है। जिससे पीड़ित बच्चो की हालत पहले ही अपेक्षा अधिक खराब नजर आ रही है। वर्तमान में सविता मरकाम, सगनी मरकाम, सुकचंद पिता केशलाल मरकाम उम्र 07 वर्ष, भागलाल पिता नोहर मरकाम उम्र 08 वर्ष, राजलाल पिता नोहर मरकाम मरकाम 05 वर्ष, रोशनी धुर्वे और उमेश मरकाम डेढ़ वर्ष बीमार है, इनमें रोशनी धुर्वे और उमेश मरकाम मलेरिया पॉजिटिव निकले है, जिनकी स्वास्थ विभाग ने निगरानी बढा दी है। लेकिन बीमारी की पुनर्रावृति से अब लोगो में चिंता बढ़ गई है और ग्रामीण तत्काल उच्च स्तर से मरीजो की जांच की मांग कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *