राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के जंगलों और कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की लगातार हो रही मौतों ने वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिस बालाघाट और कान्हा के जंगलों को बाघों का सुरक्षित आशियाना माना जाता है, वहीं लगातार हो रही मौतें वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। वर्ष 2026 में अब तक कान्हा टाइगर रिजर्व में 11 तथा बालाघाट के सामान्य वनक्षेत्रों में 04 बाघों की मौत के मामले सामने आए हैं। इस तरह दोनों क्षेत्रों को मिलाकर मौतों का आंकड़ा लगभग 15 तक पहुंचा है।

कैनाइन डिस्टेंपर वायरस संक्रमण
कान्हा टाइगर रिजर्व में अप्रैल 2026 से नवंबर 2026 में अब तक 11 बाघों की मौत हुई, इनमें से 08 की मौत कैनाइन डिस्टेंपर वायरस संक्रमण से होने की पुष्टि की गई है। सबसे चिंताजनक घटना अप्रैल में सामने आई, जब एक बाघिन और उसके चार शावकों की कुछ ही दिनों के अंतराल में मौत हो गई। इसके बाद 19 मई और 23 जून को भी बाघों की मौत हुई। अक्टूबर में उपचाराधीन बाघिन और शावक की मौत ने संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ा दी। रिपोर्टों के अनुसार रिजर्व से लगे 167 गांवों में करीब 03 हजार आवारा कुत्तों का टीकाकरण भी कराया गया, लेकिन संक्रमण का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।

शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार
बाघो की मौत उपरांत बात सिर्फ कान्हा के जंगल की नहीं होती, बालाघाट के सामान्य वन क्षेत्रों में भी बहुतायत मे बाघ पाए जाते है। विभागीय रिकॉर्ड अनुसार 23 अप्रैल को उत्तर बालाघाट के जट्टा बीट, 29 जुलाई को लालबर्रा के बहियाटीकुर बीट और 29 सितंबर को दक्षिण बालाघाट के नहलेसरा बीट में बाघों की मौत हुई है। इसके अलावा हाल ही मे बीते दिन ही 07 नवंबर को पूर्व बैहर सामान्य वन परिक्षेत्र की खुरमुंडी बीट में लगभग 12 वर्षीय नर बाघ का शव मिला। जहाँ घटनास्थल से जीआई तार और खूंटियां बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से बाघ की मौत की आशंका जताई गई है। जिसके बाद वन विभाग ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था।
चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध है
बाघो की मौत का मामला सिर्फ आकड़ो का विषय ही नहीं रह जाता। बाघो की मौत को लेकर हमेशा से जंगलों में नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रश्न उठते आये है। बावजूद इसके कभी सुरक्षात्मक कदम नजर नही आते। क्या वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में बिजली के अवैध तारों और शिकारियों पर पर्याप्त नजर रखी जा रही है? क्या बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध है? जंगल से लगे गांवों में आवारा कुत्तों और अन्य संभावित संक्रमण पर निगरानी कितनी प्रभावी है? इन सवालों ने वन विभाग और सुरक्षा प्रबंधन को कटघरे मे खड़ा कर दिया है। अब यदि बाघ अपने प्राकृतिक आवास में भी सुरक्षित नहीं है तो उनके लिए लुटाये जाने वाले करोडो के बजट को लेकर उच्च स्तरीय जांच बिठाई जानी चाहिए और इस पर निर्णय शासन को तय करना होगा।