लखनऊ की कोचिंग सेंटर में भीषण आग,कई झुलसे, कूदे कई बच्चे हुए घायल - rashtrmat.com

लखनऊ की कोचिंग सेंटर में भीषण आग,कई झुलसे, कूदे कई बच्चे हुए घायल

 राष्ट्रमत न्यूज,लखनऊ(ब्यूरो)। राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद बिल्डिंग में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गए। मौके पर डीएम और प्रशासनिक टीम के साथ पुलिस बल मौजूद है। राहत बचाव कार्य लगातार जारी है।  यहां दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में छात्र आग में फंस गए। एक बच्चे ने पहले फ्लोर से कूद कर जान बचाई। लेकिन वह नीचे ग्रिल पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने युवक को उठाकर सड़क की दूसरी तरफ किया।

नीचे कूदे युवक को लोग उठाकर सड़क की दूसरी तरफ लेकर आए।

बिल्डिंग के पीछे की दीवार को तोड़ा

स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा।सूचना मिलने पर दमकल की फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर हैं। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म आग बुझाने में लगी है। फायरकर्मियों ने बिल्डिंग के पीछे की दीवार को तोड़ा है।

बिजली के खंभे से शॉर्ट सर्किट हुआ

पेट्स शॉप में काम करने वाले एक चश्मदीद ने बताया कि बिजली के खंभे से शॉर्ट सर्किट हुआ और इसके बाद आग ऊपर की ओर फैल गई और धुआं भरने लगा। मैं बीच वाले फ्लोर पर था। हमने कुछ पेट्स निकाल लिए हैं। कुछ पेट्स अभी भी नीचे फंसे हुए हैं। कुछ लोग बाहर नहीं निकल पाए।

पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 10-12 लोग अंदर फंसे हुए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे हैं। करीब 14 एम्बुलेंस मंगवाई गई हैं।बिल्डिंग में ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो है, जिसमें 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।

 राहत बचाव कार्य लगातार जारी 

आग बुझाने के साथ-साथ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। अभी तक चार बच्चों के ट्रामा सेंटर पहुंचने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि आग से बचने के लिए कई बच्चे बिल्डिंग से नीचे गिर गए। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। अभी कई बच्चों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत बचाव कार्य लगातार जारी है।

Massive fire breaks out at coaching center in Lucknow several students injured

मेरा बेटा मिला नहीं है

आलमबाग से आए प्रभजोत सिंह ने कहा- मेरा बेटा एनिमेशन आर्टिस्ट है। वह यहीं पर काम करता है। उसने सवा दो बजे फोन कर बताया कि पापा बचा लीजिए, यहां पर आग लग गई है। मैं दौड़कर यहां आया। अभी मेरा बेटा मिला नहीं है।आग लगने के बाद एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *