राष्ट्रमत न्यूज रीवा(ब्यूरो)। कमिश्नर ने ग्राम सिलपरा के शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा चौथी एवं कक्षा छठवीं के बच्चों से सामान्य हिंदी की पुस्तक पढ़वाई। बच्चे समान्य हिंदी भी नहीं पढ़ पाए। इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने पर कमिश्नर ने प्रभारी प्राचार्य ज्ञानचंद्र पयासी हिंदी के शिक्षक विपिन श्रीवास्तव शिक्षिका श्रीमती कल्पना सिंह एवं शालिनी सिंह को कारण बताओ नोटिस देते हुए उन सबका एक -एक इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी प्राचार्य एवं शिक्षकों को सख्त हिदायत दी कि वे बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही न बरतें।

शैक्षणिक स्तर में सुधार करें
अपनी शैक्षणिक कार्य पद्धति में व्यापक सुधार करें और सभी बच्चों की शैक्षणिक योग्यता में इजाफा करें। कमिश्नर ने साफ शब्दों में सभी शिक्षकों को चेतावनी दी कि इसके बाद भी यदि बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार नहीं होगा तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध और कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आम रास्ता खुलवाने के निर्देश
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम सिलपरा में स्थित तालाब पर धीरे-धीरे हो रहे अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर एवं विश्वकर्मा बस्ती में लोगों के निकलने के लिए आम रास्ता बंद होने की शिकायत मिलने पर उसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम एवं तहसीलदार को तालाब से अतिक्रमण हटाने एवं आम रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह एवं कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी बुधवार को बरसते पानी में ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्कूलों तालाब निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से आमने-सामने चर्चा की और उनकी समस्याओं को जाना तथा सभीसमस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।

संजय बाग तालाब का निरीक्षण
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम रौरा पहुंचकर ग्राम में स्थित संजय बाग तालाब के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। तालाब का निर्माण डीएमएफ एवं मनरेगा की राशि से किया जा रहा है। तालाब की निर्माण लागत 23 लाख 40 हजार रुपए है। कमिश्नर ने सीईओ जनपद पंचायत को तालाब विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने तालाब के समीप मूंगने के पौधे का रोपण किया और समीप स्थित देवीमंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।