राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।मध्य प्रदेश वुशु संघ द्वारा 25वीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 18 सितंबर 2026 तक मार्शल आर्ट हॉल, टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई है।
मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे
प्रतियोगिता का आयोजन म.प्र. वुशु संघ के महासचिव मनोज गुप्ता एवं भोपाल वुशु संघ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक एवं सहायक संचालक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश की सभी जिला इकाइयों ने भाग लिया। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
9 खिलाड़ियों का चयन
बालाघाट जिले से 9 खिलाड़ियों का चयन मुख्य प्रशिक्षक संतोष पारधी तथा सहायक प्रशिक्षक शुभम मनेश्वर द्वारा किया गया। वर्ष 2024 के बाद इस सत्र में मात्र एक सप्ताह के अभ्यास के बाद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मुलना स्टेडियम बालाघाट में प्रशिक्षण प्राप्त कर जिला खेल अधिकारी राहुल बारेला के मार्गदर्शन में टीम ने भाग लिया। टीम का नेतृत्व कटंगी ब्लॉक युवा समन्वयक एवं मुख्य प्रशिक्षक संतोष पारधी तथा सहायक प्रशिक्षक शुभम मनेश्वर ने किया। बालाघाट टीम में हर्षिता गौतम, नैनी टेकाम, प्राची दीवान, अक्षरा पाचे, आदेश रजक, आर्यन राजदीप, कोमल मनेश्वर, शिवम बावनकर एवं पूर्वा सिमरिया ने सहभागिता की। इस प्रतियोगिता में बालाघाट के आर्यन राजदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।