अनुभूति कार्यक्रम में बच्चों ने करीब से की प्रकृति को पहचाना - rashtrmat.com

अनुभूति कार्यक्रम में बच्चों ने करीब से की प्रकृति को पहचाना

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)। मध्य प्रदेश इको पर्यटन विकास बोर्ड एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वन परिक्षेत्र दक्षिण उकवा सामान्य अंतर्गत सोनगुड्डा क्षेत्र के साहूरनाला में अनुभूति कार्यक्रम 2026 का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य रमोता बाई शामिल हुई। विशेष अतिथियों में ग्राम वन समिति दुल्हापुर के अध्यक्ष महेतलाल इनवाती एवं ग्राम वन समिति सुंदरवाहीं के अध्यक्ष प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत में लातरी,जल्दा, बिठली एवं हरार्नाला ग्रामों के बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। बच्चों को नाश्ता कराने के पश्चात नेचर ट्रेल प्रारंभ की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में ट्रेल के दौरान बच्चों को वन विभाग के कार्यों पर्यावरण शिक्षा वृक्षों की जानकारी, जैव विविधता एवं वन संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके पश्चात बच्चों के लिए एक रोचक क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बाद में बच्चों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया। सभी बच्चों को कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित कर क्विज प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही अनुभूति कार्यक्रम 2026 के थीम सॉन्ग झूमी झूमी पर बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। इसके उपरांत दक्षिण उकवा परिक्षेत्र अधिकारी ने अपने उद्बोधन में अनुभूति कार्यक्रम की थीम हम हैं धरती के दूत पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *