राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले के त्योंथर तहसील क्षेत्र शासकीय माध्यमिक विद्यालय बहरैचा में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है । ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच अमृतलाल यादव ने विद्यालय के किचन कक्ष पर कब्जा कर लिया है और किचन कक्ष सहित शौचालय में ताला लगा दिया है। इसके चलते मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन खुले आसमान के नीचे बनाया जा रहा है, जबकि नौनिहाल सड़क पर बैठकर भोजन करने को मजबूर हैं।

सड़कों पर भोजन करते बच्चे वीडियो वायरल
मिड-डे मील का भोजन खुले आसमान के नीचे रहा बन, जबकि बच्चे सड़क पर बैठकर कर रहे भोजन । पूर्व सरपंच के द्वारा किचन कक्ष में कब्जा करने और बच्चों को सड़क में बैठकर भोजन करने वीडियो हुआ वायरल। रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कार्रवाई के दिए निर्देश

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
विद्यालय परिसर की इस स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। बच्चों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मिश्रा ने बताया कि इस समस्या को लेकर त्योंथर बीआरसीसी सहित एसडीएम तक शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक किचन कक्ष और शौचालय को मुक्त कराकर बच्चों को राहत दिलाता है।