राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। मासूमों को बहला-फुसलाकर उनके साथ अपराध करने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। रामपायली थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला सामने आया, जहां सीताफल खिलाने का लालच देकर एक 30 वर्षीय युवक सात साल की बालिका को अपने घर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। आखिरकार पांच दिन बाद 5 नवंबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बालिका ने माता-पिता को आपबीती बताई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बालिका कक्षा पहली में पढ़ती है। 1 नवंबर की शाम वह घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान भानपुर निवासी सुशील लिल्हारे (30), पिता राजेंद्र लिल्हारे ने उसे सीताफल खिलाने का लालच दिया और अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने मासूम के साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद बालिका ने घर पहुंचकर माता-पिता को आपबीती बताई। बच्ची की बात सुनते ही परिजन उसे लेकर रामपायली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पूर्व में भी आरोपी को छेड़छाड़ पर हुई थी जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(2), 74(1) तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने 5 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय वारासिवनी में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।