राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा के सिरमौर चौराहे स्थित फ्लाईओवर पर अर्टिगा कार और टमाटर से भरी पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और सभी दरवाजे लॉक हो गए। पांचों घायल कार के अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थर से कार के शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद सभी को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।

पिकअप से कार की भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक,कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार सिरमौर चौराहे के फ्लाईओवर पर पहुंची। सामने ब्रेकर था। कार ब्रेकर में उछल गयी। और इसी दौरान सामने से आ रही टमाटर से लोड पिकअप से उसकी भिड़ंत हो गई।

दरवाजे लॉक होने से कार में फंसे रहे घायल
टक्कर के बाद अर्टिगा के दोनों एयरबैग खुल गए। कार के सभी दरवाजे लॉक होने से अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने पत्थर से कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर सभी पांच घायलों को बाहर निकाला।

संजय गांधी अस्पताल में भर्ती
घायलों में रमेश भुजवा, राकेश भुजवा सहित तीन अन्य लोग शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर अफरा-तफरी रही। दुर्घटना में अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।