नौकरी के नाम पर ठगी,सिपाही, पत्नी और भाजपा नेता समेत पांच पर FIR - rashtrmat.com

नौकरी के नाम पर ठगी,सिपाही, पत्नी और भाजपा नेता समेत पांच पर FIR

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर/कोरिया(ब्यूरो)। कोरिया जिले के पुलिस ने स्कूल के एक सफाई कर्मचारी से छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इस धोखाधड़ी में आईजी कार्यालय अंबिकापुर में पदस्थ एक कांस्टेबल, उसकी पत्नी, भाजपा नेता और एक अधिवक्ता समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। आमापारा स्कूल में कार्यरत सफाई कर्मचारी संतोष कुमार सारथी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

14 lakh rupees fraud in name of job: FIR lodged against five people including constable, wife and BJP leader

नौकरी लगवाने का झांसा दिया
शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में छात्रावास अधीक्षक के पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ था। संतोष कुमार सारथी की पहचान कांस्टेबल राजकुमार लकड़ा की पत्नी अनुराधा भगत से पहले से थी। अनुराधा भगत का मायका सरभोका में है और उसकी जमीन आमापारा में स्थित है। अनुराधा ने संतोष को 15 लाख रुपये में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उसने परीक्षा से पहले किश्तों में 12 लाख 30 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से अनुराधा के कहने पर कांस्टेबल राजकुमार लकड़ा के खाते में 40 हजार रुपये और अनुराधा के पिता जोखन लाल के खाते में 20 हजार रुपये भेजे गए। आरोपी डॉ. प्रकाश अनंत के खाते में 40 हजार रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए गए। इसके साथ ही अधिवक्ता आशीष तिवारी को 14 हजार रुपये भेजकर नकद राशि फोन पे के माध्यम से डॉ. प्रकाश कुमार अनंत के खाते में ट्रांसफर कराई गई।

नियुक्ति कराने का आश्वासन
संतोष कुमार सारथी को 5 जनवरी, 2025 को कटघोरा के एक होटल में आरोपी अनुराधा भगत और उसके पति कांस्टेबल राजकुमार लकड़ा ने भाजपा नेता डॉ. प्रकाश अनंत से मिलवाया था। उस समय डॉ. प्रकाश अनंत ने संतोष की नियुक्ति कराने का आश्वासन दिया था। जब भर्ती परीक्षा का परिणाम आया और सूची में संतोष का नाम नहीं दिखा तो आरोपियों ने अलग से नियुक्ति कराने का नया झांसा दिया। डॉ. प्रकाश अनंत ने फोन पर दावा किया कि उसका नाम तीसरी सूची में आएगा। पीड़ित ने जब नौकरी न मिलने पर अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और हत्या करने की धमकी दी। पीड़ित ने यह राशि कई लोगों से कर्ज लेकर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *