राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर आदित्य सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कृषि विकास, किसानों की आय बढ़ाने, फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने तथा कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक किसान की फसल का क्रॉप नोटिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इससे फसल की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा और प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने में सुविधा होगी। उन्होंने किसानों का जे-फॉर्म में पंजीयन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
पलायन के कारणों का पता लगाएं
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले के जिन क्षेत्रों में रोजगार के अभाव में लोगों का पलायन हो रहा है, उन क्षेत्रों में कृषि विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाए। अधिकारी ऐसे क्षेत्रों का भ्रमण कर पलायन के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और किसानों की समस्याओं को समझकर उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। कलेक्टर ने जिले में दुग्ध उत्पादन और मसाला उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटे एवं बड़े किसानों को उनकी आवश्यकता और पात्रता के अनुसार शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। इसके लिए किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उत्पादन बढ़ाने और कृषि के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।