राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर बालाघाट में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने सबको हैरान कर दिया है। विश्व हिन्दू परिषद के जिला महामंत्री दुर्गेश शर्मा ने अपनी फेसबुक अकाउंट पर नाथूराम गोंडसे के समर्थन में पोस्ट लिखा है।अपनी पोस्ट में उन्होने नाथूराम गोंडसे को अमर बताया है। अभी तक पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किया है। लेकिन पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कहा ऐसी पोस्ट करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यह राष्ट्रपिता का अपमान है।

गोडसे के लिए बार-बार नमन
दुर्गेश शर्मा की फेसबुक पोस्ट में लिखा गया है, लोग जीते हैं सत्ता के लिए, वो मारा था भारत माता के लिए। इतिहास चाहे जो कहे, गोडसे अमर रहेगा…! लेकिन उक्त पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पोस्ट के कमेंट में भी दुर्गेश शर्मा ने नाथूराम गोडसे के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए लिखा कि वे पंडित नाथूराम गोडसे के लिए बार-बार नमन करते हैं।
आजादी के पीछे गोंडसे का योगदान
यह भी लिखा कि आज देश आजाद है तो इसके पीछे गोडसे का योगदान है और उन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान की। इसी कमेंट में शर्मा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उल्लेख करते हुए उनके भी उसी राह पर चलने की बात लिखे जाने का दावा किया गया है। इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस और तेज होने की बात कही जा रही है।
ऐसे लोगो पर कार्यवाही होनी चाहियें-मुंजारे
गौरतलब है कि महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली स्थित बिड़ला भवन परिसर में नाथूराम विनायक गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में न्यायिक प्रक्रिया के तहत गोडसे को फांसी दी गई। वहीं, 2 अक्टूबर को देशभर में महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है। ऐसे समय में गोडसे के समर्थन में सोशल मीडिया पर सामने आई इस पोस्ट को लेकर बालाघाट में चर्चा है। इस पोस्ट को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। इस मामले में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने कहा कि यह बेहद घटिया मानसिकता है, ऐसे लोगो पर तत्काल कार्यवाही होनी चाहियें।