31 मार्च 2027 तक बंद रहेगा भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग,यातायात डायवर्ट - rashtrmat.com

31 मार्च 2027 तक बंद रहेगा भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग,यातायात डायवर्ट

 *भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट-नैनपुर सड़क मार्ग स्थित भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते 31 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। यह ओवरब्रिज लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण विभाग एवं रेलवे विभाग द्वारा संयुक्त रूप से बनाया जा रहा है।

बालाघाट-सिवनी मार्ग पर पहुंचेंगे

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपाल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी सेतु निर्माण तथा यातायात थाना प्रभारी द्वारा भटेरा रेलवे क्रॉसिंग (एलसी बीके-2) एवं प्रस्तावित डायवर्सन मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व अनुमोदित ट्रैफिक डायवर्सन प्लान के अनुसार मार्ग परिवर्तन लागू किया गया है। प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नैनपुर रोड से आने वाले भारी वाहन मगरदर्रा से लालबर्रा रोड होते हुए बालाघाट-सिवनी मार्ग पर पहुंचेंगे। इसी तरह सिवनी एवं लालबर्रा की ओर से नैनपुर जाने वाले भारी वाहन लालबर्रा-मगरदर्रा मार्ग से होकर नैनपुर जाएंगे। नैनपुर से बालाघाट नगरीय क्षेत्र एवं बैहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को भी मगरदर्रा-लालबर्रा मार्ग से बालाघाट आना होगा। इसी प्रकार बालाघाट शहर एवं बैहर से नैनपुर जाने वाले भारी वाहन लालबर्रा-मगरदर्रा मार्ग का उपयोग करेंगे।

  दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते

नैनपुर एवं लामता की ओर से बालाघाट आने वाले निजी वाहन, हल्के वाहन, हल्की स्कूल बसें, दैनिक सामग्री के परिवहन में लगे हल्के वाहन तथा अति आवश्यक सेवाओं के हल्के वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन सेंट मेरी स्कूल के पेट्रोल पंप से बोदा-आंवलाझरी होते हुए नवनिर्मित गिट्टीकृत मार्ग से रेलवे क्रॉसिंग बीके-1 (डॉ. शिशिर खरे, बैहर रोड) पहुंचेंगे। यहां से बैहर मुख्य मार्ग होते हुए बस स्टैंड एवं नगर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, नैनपुर रोड से बालाघाट की ओर आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए भटेरा चौकी पंप हाउस गली से नवनिर्मित बीके-1 लेवल रेलवे क्रॉसिंग होते हुए बैहर-बालाघाट मुख्य मार्ग तक पहुंचने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किया गया
नैनपुर की ओर से बालाघाट आने वाली यात्री बसों के संचालन एवं पार्किंग के लिए महर्षि स्कूल के सामने अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किया गया है। यात्री बसों को इसी निर्धारित स्थान पर अस्थायी रूप से पार्क किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण अवधि के दौरान निर्धारित डायवर्सन मार्गों का पालन करें और बंद रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन का प्रयास न करें, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रूप से पूरा हो सके।

38 करोड़ हो रहा निर्माण

भटेरा मार्ग पर 38 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसे अक्टूबर 2026 तक पूरा करना है। रेलवे लाइन पर बनने वाले ब्रिज को छोड़कर, राज्य सरकार की सेतु एजेंसी को 1,313 मीटर लंबे और करीब 8.4 मीटर चौड़े ओवरब्रिज के लिए 42 पिलर बनाने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *