सभी शासकीय और अशासकीय चिकित्सालय भी होंगे डिजिटल - rashtrmat.com

सभी शासकीय और अशासकीय चिकित्सालय भी होंगे डिजिटल

*एक क्लिक पर मरीज के स्वास्थ्य की सभी जानकारी मिलेगी

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।  अब एक क्लिक पर मरीज के स्वास्थ्य पैरामीटर की सभी जानकारियां मिल जाएंगी। मरीज किसी भी जिले या प्रदेश में हो मात्र एक क्लिक पर उसके स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारियां स्क्रीन पर आ जाएंगी और मरीज की गंभीर से गंभीर बीमारियों का सफल इलाज संभव हो पाएगा। हमारा देश इस ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अभियान सुचारू रूप से कार्य करे इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी पूरी ईमानदारी से डिजिटल प्रक्रिया को अपनाएं।

चिकित्सक अपनी सोच बदलें

उक्तबात रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने गुरुवार को विंध्या रिट्रीट में आयोजित प्रदेश की पहली क्षेत्रीय आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन वर्कशॉप में कहीं। कमिश्नर ने दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की पहली क्षेत्रीय आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन वर्कशॉप का शुभारंभ किया। वर्कशॉप को संबोधित करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सभी चिकित्सक अपनी सोच में बदलाव करते हुए निजी हित के बजाय मरीज के हित में कार्य करें।

एक मॉडल के रूप में विकसित होंगे

कमिश्नर ने कहा कि रीवा जिले को डिजिटल मिशन के लिए एक मॉडल के रूप में लिया गया है क्योंकि रीवा जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं चिकित्सक प्रतिभावान एवं क्षमतावान हैं।  वर्कशॉप में बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर आयुष्मान डिजिटल भारत मिशन के तहत रीवा जिले को एक मॉडल के रूप में पहचान दिलाने में योगदान दें। कमिश्नर ने आशा व्यक्त की कि रीवा एवं शहडोल संभाग आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत एक मॉडल के रूप में विकसित होंगे ।

मरीज अपने पुराने रिकार्ड साझा करें

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की शुरुआत भारत सरकार द्वारा देश में एकीकृत
डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने के लिए की गई थी। इस अभियान की मुख्य विशेषता और उद्देश्य यह है कि भारत के सभी नागरिकों के लिए 14 अंकों की एक विशिष्ट आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आईडी बनाई जाती है,जिसे आभा आईडी के नाम से जाना जाता है। इस आभा आईडी में सभी व्यक्तियों के सभी स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहते हैं। मरीज अपनी सहमति से अपने पुराने और नए मेडिकल रिकॉर्ड डॉक्टर या अस्पताल के साथ आसानी से साझा कर सकते हैं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दूर दराज के क्षेत्र में भी ऑनलाइन परामर्श और इलाज संभव हुआ है।

डिजिटल डाटा संधारित किया जाएगा

वर्कशॉप को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जे. एस. परिहार ने बताया कि रीवा
संभाग के सभी जिलों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा। सभी शासकीय और अशासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य का डिजिटल डाटा संधारित किया जाएगा। रीवा संभाग के सभी जिले गर्भवती महिलाओं के एएनसी चेकअप में 90 प्रतिशत तक के पॉइंट पर पहुंच गए हैं। भोपाल से आए डॉ. राहुल जैन ने कहा कि इसके पूर्व एक राज्य स्तरीय कार्यशाला उप मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में भोपाल में आयोजित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *