राष्ट्रमत न्ज्ञूज,पटना(ब्यूरो)। बिहार के वैशाली में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। सभी की उम्र 6 से 18 साल के बीच थी। मरने वालों में 7 बच्चियां एक ही परिवार की थीं।हादसा राघोपुर में रात करीब 8:30 बजे हुआ। 25 से ज्यादा लोग छोटी नाव में सवार होकर नदी पार कर तेरहवीं के भोज में जा रहे थे। 15 साल की चांदनी ने 2 बच्चों की जान बचाई।जिस नाव से लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे, वो टूटी हुई थी। लोगों का कहना है कि प्रशासन को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जान गंवाने वालों में लड़कियां ज्यादा
हादसे में घायल 4 लोगों का पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सभी बच्चों के शव गांव पहुंच गए हैं। परिजन ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला के माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां दावत थी। 25 से ज्यादा लोग इसमें शामिल होने जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में लड़कियां ज्यादा हैं।

चिराग पासवान ने कहा, ‘हादसे की जिस तरह की तस्वीरें सामने आई हैं। छोटे-छोटे बच्चों की जान गई है। तकलीफ किसी के भी जाने से होती है, लेकिन जब मृतकों में ऐसे छोटे बच्चों के शव दिखाई देते हैं, तो पीड़ा और ज्यादा बढ़ जाती है।इस दुख की घड़ी में आज मैं खुद वहां जा रहा हूं। जो लोग गए हैं वो तो कभी वापस नहीं आएंगे। कम से कम जो हैं, इनके इलाज सही से हो और जो पीड़ित परिवार है, उनका किस तरीके से सहयोग किया जा सकता है, उसमें मेरा प्रयास रहेगा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार पूरी तत्परता से अपनी भूमिका निभाए।’