राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के टेकाड़ी निवासी 31 वर्षीय विजय पिता केवलराम लांजेवार की शनिवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। विजय ने शुक्रवार को अपने खेत में फसल को बीमारी से बचाने के लिए कीटनाशक का छिड़काव किया था। शाम को खेत से लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। घर पर मौजूद मां ने कीटनाशक की बदबू आने पर बेटे अजय लांजेवार को फोन कर बुलाया।
जिला अस्पताल रेफर किया गया
अजय ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो भाई की हालत बहुत खराब थी। डॉक्टर की सलाह पर विजय को पहले कटंगी अस्पताल ले जाया गया। रात में उसे होश आया और उसने बात भी की, लेकिन शनिवार सुबह उसकी हालत फिर बिगड़ गई। उसे बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की आगे की जांच कटंगी थाना करेगा।