राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।रीवा के सुहागी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने के बाद तेज रफ्तार हाईवा सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में काम कर रहे दो लोग घायल हुए हैं।

हाईवा वाहन का अचानक ब्रेक फेल
घटना सुहागी घाट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसमें सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान रीवा की ओर से सुहागी की तरफ जा रहे हाईवा वाहन का अचानक ब्रेक फेल हो गया।

चालक उसी में फंस गया
ब्रेक फेल होने के बाद हाईवा अनियंत्रित होकर सीधे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसी में फंस गया।

हाईवा चालक की मौत
हादसे में हाईवा चालक की मौत हो गई, जबकि खड़े ट्रक में काम कर रहे दो व्यक्ति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुहागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है। वहीं मृतक चालक के शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।