राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कानपुर में आयोजित नेशनल कुबोडो मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए बालाघाट जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 8 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की।

चार स्वर्ण और चार रजत पदक हासिल किए
प्रतियोगिता में बालाघाट के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और चार रजत पदक हासिल किए। प्रशिक्षक संतोष पारधी के नेतृत्व में विनीता रंजीत उईके ने एक स्वर्ण एवं एक रजत, रिया उमेश राकेशिया ने एक स्वर्ण एवं एक रजत, उमंग दामोदर जघेले ने एक स्वर्ण एवं एक रजत तथा वेद विशाल मड़ावी ने एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक अर्जित किया।
स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित
प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति विनय कुमार पाठक, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. रफत जुबैर रिजवी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बालाघाट के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला थागता एसोसिएशन, कराटे स्पोर्ट्स प्रशिक्षण एवं एजुकेशन एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक संतोष पारधी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।