राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट की तीन पंचायतों में हुए उपचुनाव के नतीजे 3 अक्टूबर को घोषित कर दिए गए हैं। इनमें दो महिला और एक पुरुष सरपंच चुने गए हैं। भरवेली पंचायत से कल्पना संतकुमार वासनिक ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व सरपंच गीता अनिल बिसेन को 70 मतों से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। वारासिवनी जनपद की एकोड़ी पंचायत में सरिता कैलाश मेश्राम 147 वोटों से जीतीं। वहीं, लालबर्रा जनपद की खुरपुड़ी पंचायत में धनाराम उर्फ धन्नु पगरवार ने 24 वोटों से जीत दर्ज की।

पांच उम्मीदवार मैदान में थे
भरवेली पंचायत में सरपंच पद के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें पूर्व सरपंच गीता अनिल बिसेन, उर्मिला लालचंद मालेश, सविताबाई भीमराव वाहने, कल्पना संतकुमार वासनिक और अनिता मिलिंद भालेकर शामिल थीं। 29 सितंबर को पंचायत क्षेत्र के 15 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था, जिसमें करीब 55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
15 केंद्रों पर वोटों की गिनती हुई
रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार छवि पंत ने बताया कि 15 मतदान केंद्रों की मतगणना तीन टेबलों पर पांच राउंड में पूरी कराई गई। शुरूआती चार राउंड में कल्पना वासनिक और पूर्व सरपंच गीता अनिल बिसेन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पांचवें और अंतिम राउंड के परिणाम में तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। घोषित परिणाम के अनुसार कल्पना संतकुमार वासनिक को 2010 मत मिले, जबकि पूर्व सरपंच गीता अनिल बिसेन को 1940 मत प्राप्त हुए। इस तरह कल्पना वासनिक ने 70 मतों से जीत दर्ज की। वहीं सविताबाई भीमराव वाहने को 140, नोटा को 23, अनिता मिलिंद भालेकर को 19 और उर्मिला लालचंद मालेश को 13 मत मिले।

अविश्वास प्रस्ताव के बाद रिक्त हुआ था पद–
गौरतलब है कि तत्कालीन सरपंच गीता अनिल बिसेन के खिलाफ पंचायत के कार्यों में कथित अनियमितता एवं अन्य आरोप लगाते हुए पंचों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। प्रारंभिक प्रक्रिया में उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव का सामना किया था, लेकिन बाद में 4 जून 2026 को अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद उन्हें सरपंच पद से हटा दिया गया था। इसके बाद सरपंच का पद रिक्त हो गया और उपचुनाव कराया गया। उपचुनाव में पूर्व सरपंच गीता अनिल बिसेन हार का सामना करना पड़ा।
यहां निर्विरोध चुने गए
जनपद क्षेत्र की बुढैना, पाथरवाड़ और मानेगांव में तीन पंच निर्विरोध चुने गए। नतीजे आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखा गया।
एकोड़ी में सरपंच को धारा 40 से हटाया था
एकोड़ी में सरपंच मोनिका राहुल मेश्राम को धारा 40 के तहत पद से हटाया गया था। जिसके बाद सरिता कैलाश मेश्राम, स्थानापन्न सरपंच थी। हाल में हुए उपचुनाव में, सरिता कैलाश मेश्राम ने अपनी प्रतिद्वंदी रेखा धरमदास मेश्राम को 147 मतों से पराजित किया।एकोड़ी पंचायत में पांच प्रत्याशियो में रेखा धरमदास मेश्राम को 592, संगीता राकेश मेश्राम को 181, सरिता कैलाश मेश्राम को 739, मीराबाई मेश्राम को 204 मत मिले। जबकि नोटा में 9 मत पड़े।खुरपुड़ी में दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिसमें धनाराम उर्फ धन्नु पगरवार को 536 और महेश कुमार कावरे को 512 मत मिले। जबकि नोटा में 5 मत पड़े।

26 पंच और एक जनपद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
जिले में रिक्त 46 पंच पदों के लिए मिले नामांकनों में 20 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। बाकी 26 पंच पदों के लिए कोई नामांकन नहीं आया। जनपद पंचायत खैरलांजी के क्षेत्र क्रमांक 19 में जनपद सदस्य का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। जनपद पंचायत लांजी की ग्राम पंचायत परसोडी और जनपद पंचायत परसवाड़ा की ग्राम पंचायत झागुल में भी सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। जबकि 3 पंचायतों में उपचुनाव के तहत ईवीएम से वोटिंग हुई थी।