एयर होस्टेस वर्षा की हत्या में सवालों की गांठ से परिवार सदमें में - rashtrmat.com

एयर होस्टेस वर्षा की हत्या में सवालों की गांठ से परिवार सदमें में

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की चाकू गोदकर निमर्म हत्या ने कई सवाल और संदेह को जन्म दे दिया है। क्या वर्षा की हत्या 60 लाख रुपए के लेन देन की वजह से हुई या फिर इस हत्या के पीछे कोई और है। आखिर उस दिन उसके साथ क्या हुआ कि घूमने गयी थी, लेकिन शाम तक उसका पता नहीं चला। फोन पर घर परिवार को बताया गया कि वर्षा के साथ लूट पाट हुई है। आखिर लूट पाट किसने किया। लूटपाट हुई तो फिर उसकी हत्या किसने की। हत्या के वक्त वो कौन थे,जिन्होंने उसकी हत्या की कहानी को लूटपाट में बदल दिया। पुलिस मामले की जांच कर ही है। उसके बाद ही सही बात सामने आएगी। लेकिन इस हत्या ने घर परिवार को सदमें में डाल दिया है।

मौत की गुत्थी और उलझ गई

महाराष्ट्र के बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। पीठ पर किए गए चार वार और खून से लथपथ मिला उसका शरीर इस वारदात की भयावहता बयां कर रहा है। अब इस हत्याकांड में परिजनो की ओर से 60 लाख रुपये के लेनदेन की कहानी सामने आने के बाद मौत की गुत्थी और उलझ गई है।

वर्षा घूमने निकली थी फिर लौटी नहीं
दरअसल, वर्षा तुरकर पुणे में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थी। दीपावली पर्व मनाने वह अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ खैरलांजी के किन्ही गांव अपने मायके आई हुई थी। जहां उसने मायके पक्ष के परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटी। लेकिन 14 नवंबर की शाम उनका परिचित नितेश अग्रवाल उनके बीच आया, जिसने वर्षा तुरकर को घूमने चलने का प्रस्ताव रखा। जहां वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल निवासी गोंदिया के साथ घूमने के लिए महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी तट पर पहुंची थी। लेकिन परिवार को क्या पता था कि हंसते-बोलते घूमने निकली वर्षा अब कभी वापस नहीं लौटेगी।

फोन पर पता चला वर्षा से लूटपाट हुई
परिजनो ने बताया कि शाम करीब 04 बजे नितेश के साथ वह घूमने निकली थी, लेकिन करीब 06 बजे नितेश का फोन वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले के पास पहुंचा। फोन पर बताया गया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पाया कि अधेरे में कार का इंडीकेटर जल रहा था, वर्षा खून से लथपथ पड़ी थी और नितेश करीब ही खडा था। जहां परिजनो ने खून से लथपथ वर्षा को तत्काल खैरलांजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के साथ ही तुरकर परिवार की दीपावली की सारी खुशियां चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गईं। मामले की सुचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद शव का पीएम करवाया और मामले की डायरी संबंधित महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना पुलिस को भेजी गई। अब बालाघाट और महाराष्ट्र पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

हत्या के पीछे रूपयो का लेनदेन की आशंका
इधर, इस हत्याकांड से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। घर में मातम पसरा है और परिवार जनो के आंखो में वर्षा में चेहरा बार बार झलकता है। जहां वर्षा को याद करके उसके अपनो की आंखे बार बार आंसूओ में डूब जाती है। क्योकि चिंता वर्षा की ढाई साल की बेटी के भविष्य की भी है। 16 नवंबर को मीडिया टीम मृतिका वर्षा तुरकर के दुखी परिवार के बीच पहुंची। जहां परिजनो ने हत्या के पीछे रूपयो का लेनदेन की आशंका जाहिर की है। परिजनों के मुताबिक, वर्षा ने नागपुर में अपनी जमीन बेचकर प्राप्त रकम में से करीब 60 लाख रुपये अपने परिचित नितेश अग्रवाल को बिजनेश में आर्थिक मदद करने के तौर पर दिए थे। अब परिवार को आशंका है कि इतनी बड़ी रकम का लेन-देन हत्या के पीछे की वजह हो सकता है। क्या रुपयों का कोई विवाद था? क्या रकम वापस करने को लेकर कोई तनाव था? या फिर इस वारदात के पीछे कोई दूसरी साजिश छिपी है? इन सवालो को जवाब पुलिस जांच में खुलकर स्पष्ठ होगा, लेकिन अब आर्थिक लेन-देन का पहलू खूब चर्चा में है। हालांकि 60 लाख रुपये के लेनदेन और हत्या के बीच संबंध होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दोषी को फांसी की सजा दिलाने की मांग
एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या से पूरा तुरकर परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता के सामने जवान बेटी की मौत का दर्द है, वहीं ढाई साल की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ चुका है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को बेरहमी से मारने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए 60 लाख रुपये के लेन-देन सहित सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल करने और दोषी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।

नितेश और उसके बहनोई से भी पूछताछ

घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामले की जांच दौनीवाडा थाना पुलिस कर रही है। वर्षा के साथ मौजूद नितेश अग्रवाल और उसके बहनोई से भी पूछताछ की गई है। आखिर वर्षा की हत्या के पीछे लूटपाट थी या रुपयो के लेनदेन की कोई अनकही कहानी? उस शाम वैनगंगा नदी के किनारे आखिर क्या हुआ था? एक परिवार की खुशियां उजाड़ने वाले इस हत्याकांड का सच कब सामने आएगा? इन सवालों के जवाब पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही मिल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *