व्याख्याता पर निजी कोचिंग के लिए छात्रों पर दबाव,DEO से जांच की मांग - rashtrmat.com

व्याख्याता पर निजी कोचिंग के लिए छात्रों पर दबाव,DEO से जांच की मांग

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीवा में पदस्थ व्याख्याता श्यामाचरण उपवंशी लोधी के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायती आवेदन सौंपा गया है। शिकायत में शिक्षक पर निजी कोचिंग संचालित करने, विद्यार्थियों पर कोचिंग पढ़ने के लिए दबाव बनाने और संबल राशि को लेकर अनियमितता करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
कोचिंग में पढ़ने के लिए दबाव
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्याख्याता विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अपनी निजी कोचिंग में पढ़ने के लिए दबाव डालते हैं। आरोप है कि जो विद्यार्थी उनकी कोचिंग नहीं पढ़ते, उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। वहीं, विद्यार्थियों द्वारा संबल राशि और छात्रवृत्ति की मांग करने पर कथित तौर पर यह कहा जाता है कि उनकी राशि कोचिंग फीस में समायोजित कर ली गई है।
जांच समिति गठित करने की मांग
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ दिन पहले विद्यार्थियों पर दबाव बनाकर उनसे लिखवाया गया कि संबंधित शिक्षक कोचिंग नहीं पढ़ाते हैं। व्याख्याता श्यामाचरण उपवंशी लोधी कक्षा 12वीं एग्रीकल्चर के क्लास टीचर भी हैं। ऐसे में शिकायतकर्ताओं ने विद्यार्थियों के आर्थिक और मानसिक शोषण की आशंका जताई है।आवेदन में जिला शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और विद्यालय से हटाने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *