सड़क हादसे में पांच माह की गर्भवती की मौत,पति घायल - rashtrmat.com

सड़क हादसे में पांच माह की गर्भवती की मौत,पति घायल

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।राष्ट्रीय राजमार्ग पर सप्ताहभर पहले दंपती की डिवाइडर से टकराकर हुई मौत के बाद रविवार सुबह एक और हादसा हो गया। इसमें पांच माह की गर्भवती महिला दीपा मुसकुसरे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वारासिवनी थाना क्षेत्र के एकोड़ी व डोंगरिया के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे में मृतिका के पति को गंभीर चोटें आई है। जबकि उनका 22 माह का बालक बाल-बाल बचा।


कार से बाइक टकरा गयी
रविवार सुबह परिवार के साथ कटंगीकला लौटते वक्त हाइवे पर एकोड़ी और डोंगरिया के बीच अजय की मोटरसाइकिल एमएच 35 ए जेड 2866 रोड के बीचो-बीच खड़ी कार क्रमांक.सीजी 04 क्यूजे 7049 से टकरा गई। कार के पिछले हिस्से से मोटरसाइकिल टकराने से अजय,पत्नी दीपा और बालक हार्दिक दूर जा गिरे। दीपा सिर के बल गिर पड़ी।गंभीर हालात में उसे जिला अस्पताल लाया गया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनाग्राफी करानी थी
अजय ने बताया कि उसके साले महेंद्र दखन्नवार की शादी जुड़ने वाली थी। रिश्ता तय करने के लिए वह परिवार के साथ ससुराल बिरसोला आया था। शादी तय होने में समय था और सोमवार को गोंदिया के एक अस्पताल में पत्नी की सोनोग्राफी करानी थी। इसलिए वह अपने घर कटंगीकला लौट रहा था। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक सड़क के बीचो-बीच अपनी कार खड़ी रखी थी। जिससे यह हादसा हो गया। बताया गया कि अजय गोंदिया जिला परिषद के डिप्टी सीईओ का निजी चालक है।

सुरक्षा पर गंभीर सवाल

अस्पताल चौकी प्रभारी शिवदयाल पटले ने बताया कि अस्पताल की तहरीर पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मर्ग डायरी घटना से संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जाएगी, जहां से आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।उल्लेखनीय है कि बालाघाट-गोंदिया हाईवे पर बीते तीन महीनों में यह तीसरी बड़ी घटना है। इन हादसों में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिससे इस मार्ग की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *