छेड़छाड़ मामले में फरार शिक्षक गिरफ्तार, रिमांड पर बीजापुर लाया गया - rashtrmat.com

छेड़छाड़ मामले में फरार शिक्षक गिरफ्तार, रिमांड पर बीजापुर लाया गया

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल रूद्रारम, भोपालपटनम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झालावाड़, राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया है।
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पीड़िता की माता ने थाना भोपालपटनम में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज किया गया।
SIT टीम का गठन किया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए SIT टीम का गठन किया गया। टीम की दो अलग-अलग इकाइयों को आरोपी की तलाश के लिए राजस्थान और हरियाणा रवाना किया गया।
न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश
पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर लगातार पतासाजी और घेराबंदी करते हुए फरार आरोपी देवेन्द्र कुमार दहिया, पिता उमेद सिंह दहिया, उम्र 34 वर्ष को झालावाड़, राजस्थान से हिरासत में लिया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाने के बाद थाना भोपालपटनम में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *