₹ 70 हजार की सरकारी सब्सिडी, 10 रेशम पालकों को मिला सीधा लाभ
राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले के मिन्कापल्ली क्षेत्र में तसर रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने और ग्रामीण परिवारों की आय के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना के तहत 10 तसर रेशम पालक हितग्राहियों को कुल 5,000 स्वस्थ डिंब समूह वितरित किए गए।

रेशम उत्पादन का अवसर मिला है
तसर रेशम उत्पादन के लिए ये स्वस्थ डिंब समूह बीएसएमटीसी वरम्, आंध्र प्रदेश से प्राप्त किए गए हैं। इन डिंब समूहों का कुल मूल्य लगभग 80 हजार है, जिसमें शासन द्वारा 70 हजार की सब्सिडी प्रदान की गई। हितग्राहियों को इसके लिए केवल 10 हजार का अंशदान करना पड़ा। इससे ग्रामीण रेशम पालकों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण रेशम उत्पादन का अवसर मिला है।
उत्पादन से बढ़ेगी अतिरिक्त आमदनी
स्वस्थ डिंब समूह उपलब्ध होने से तसर रेशम पालकों को गुणवत्तापूर्ण कोसा उत्पादन में मदद मिलेगी। इससे उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

आमदनी बढ़ाने का मिला नया अवसर’
योजना से लाभान्वित श्री कामेश्वर ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सब्सिडी मिलने से तसर रेशम पालन के लिए आवश्यक सामग्री प्राप्त करना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ डिंब समूह से बेहतर गुणवत्ता का कोसा उत्पादन करने में मदद मिलेगी, जिससे अतिरिक्त आमदनी बढ़ाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
नई उम्मीद, आत्मनिर्भरता की नई राह
मिन्कापल्ली क्षेत्र में तसर रेशम उत्पादन को प्रोत्साहन देने वाली यह पहल ग्रामीण हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय का साधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शासन की सहायता से रेशम पालक अब बेहतर गुणवत्ता, अधिक उत्पादन और अतिरिक्त आमदनी की ओर आगे बढ़ रहे हैं।