राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने सभी सांसदों से छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की है।इससे पहले, CJP के समर्थक सोमवार को संसद भवन के करीब पहुंच गए।प्रदर्शनकारियों ने संसद में घुसने की कोशिश की। इसके बाद संसद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेन गेट को बंद कर दिया गया।

लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया
शिक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के प्रस्तावित संसद मार्च से पहले हंगामा हुआ। जंतर-मंतर के चारों तरफ बैरिकेडिंग है।संसद मार्च के दौरान पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया गया।

पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंचे
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। जब बाहर ये हंगामा चल रहा था उस वक्त पीएम समेत सभी सांसद संसद में मौजूद थे।सुबह प्रदर्शनकारी राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन में भी घुस गए थे। कुछ लोग बैरिकेडिंग तोड़कर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक भी पहुंचे थे।

सब-इंस्पेक्टर घायल
आज संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में दिल्ली पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। उन्होंने कहा, “हम बैरिकेड के पास खड़े थे, तभी उन्होंने (प्रदर्शनकारियों ने) पत्थर फेंके।”
बच्चों की बात नहीं सुनना चाहते: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव कहते हैं, “हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों को पीटा जा रहा है। यह कैसी सरकार है? आप बच्चों की बात नहीं सुनना चाहते। अगर NEET परीक्षा हुई और उसमें गड़बड़ी हुई, तो इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है? किसकी साख दांव पर लगी है? तैयारी किसे करनी थी? आप ‘विश्वगुरु’ बनना चाहते हैं; आप दावा करते हैं कि दुनिया ‘अमृत काल’ में है, फिर भी आप अपने मंत्रियों को नहीं हटा सकते… आपने नौकरियां या रोज़गार नहीं दिया।

गुजरात में भी वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन
सोनम वांगचुक के समर्थन में गुजरात के कई शहरों में प्रदर्शन हुए हैं। अहमदाबाद के लॉ गार्डन में बिना अनुमति के जमा हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा सूरत, जूनागढ़ और भावनगर में भी सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की गई।प्रदर्शनकारी CJP के समर्थन वाली टी-शर्ट पहने, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बैनर और हाथों में संविधान की प्रतियां लिए नजर आए। हिरासत में लिए जाने के दौरान एक छात्रा ने कहा कि बलात्कारियों को खुलेआम घूमने दिया जा रहा है और छात्रों को जेल भेजा जा रहा है।