सड़क हादसे में पति की मौत:पत्नी और दो बच्चों की हालत गंभीर - rashtrmat.com

सड़क हादसे में पति की मौत:पत्नी और दो बच्चों की हालत गंभीर

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र में जन्म दिन समारोह से लौट रहे दंपति को एक बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे पत्नी और दो बच्चों को गंभीर चोट आई।इलाज के दौरान पति श्रवण पटले की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।यह हादसा मंगलवार को देर रात हुआ। पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।

हादसे के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस।

बाइक को बुलेरो ने टक्कर मार दी

मृतक की पहचान शिवधाम निवासी श्रवण पटले (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्रवण पटले मंगलवार रात करीब 8 से 8:30 बजे पत्नी ललिता ठाकरे (30), बेटी आरजू (13) और बेटे मयूर (10) के साथ अपने साढ़ू भाई महेश हरिनखेड़े के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वारासिवनी क्षेत्र के आलेझरी और पुसुटोला के बीच उनकी बाइक को बुलेरो पिकअप (क्रमांक MP-50-G-2239) ने टक्कर मार दी।

ललिता के जबड़े में गंभीर चोट

हादसे के बाद चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही आंवलाझरी सरपंच जीतू राजपूत घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान श्रवण पटले की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।दुर्घटना में ललिता ठाकरे के जबड़े में गंभीर चोट आई है। बेटी आरजू के बाएं कंधे और बेटे मयूर के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है।

जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया।

हादसे की जांच की जा रही

बुधवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्रकरण की डायरी अग्रिम जांच के लिए संबंधित थाना क्षेत्र को भेज दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।