सड़क विवाद पर दो पक्षों में मारपीट,पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप - rashtrmat.com

सड़क विवाद पर दो पक्षों में मारपीट,पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के चांगोटोला थाना क्षेत्र के हिरमनटोला में सड़क विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट हुई। इस मामले में पीड़ित परिवार ने गुरुवार दोपहर एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि चांगोटोला पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

सड़क को जेसीबी से खुदवा दिया

पीड़ित पक्ष के दुर्गाप्रसाद बसेने ने बताया कि उनके और बोधन बसेने के मकान आबादी क्षेत्र में बने हैं। बोधन बसेने ने पंचायत की ओर से बनाई गई सड़क को जेसीबी से खुदवा दिया, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। विवाद के दौरान बोधन बसेने और उसके परिवार के लोगों ने दुर्गाप्रसाद के पिता चैनलाल बसेने को घर ले जाकर पीटा। उन्हें मरा समझकर पैक्रा के ढेर के पीछे फेंक दिया गया, जहां वे बेहोश मिले।चैनलाल बसेने को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके सिर और पसलियों में चोटें आई हैं।

शिकायत ठीक से दर्ज नहीं की गई

दुर्गाप्रसाद बसेने के अनुसार, उन्होंने डायल 112 को बुलाया था, लेकिन वह देर से पहुंची। जब वे चांगोटोला थाना पहुंचे, तो पुलिस ने बोधन बसेने और उसके परिवार के सदस्यों के हाथों में डंडे देखे, लेकिन उनकी शिकायत ठीक से दर्ज नहीं की गई और न ही उनका इलाज कराया गया।

सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से हमला करने वाले बसेने परिवार के लोग खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे उन्हें जान का खतरा महसूस हो रहा है। दुर्गाप्रसाद बसेने के परिवार ने एसपी से इस मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।