राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में भोपालपटनम और फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। यहां 17 से 18 जनवरी तक चली भीषण मुठभेड़ में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के इंचार्ज और 8 लाख के इनामी DVCM दिलीप बेंडजा समेत कुल छह माओवादी मारे गए। मारे गए माओवादियों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। सभी पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

माओवादी के शव बरामद
पुलिस के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA की 202, 206 व 210 बटालियन तथा CRPF 214 की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। 17 जनवरी की सुबह से दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही, जो 18 जनवरी की शाम तक चली। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान छह माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
कई बड़े हमलों व मुठभेड़ों में शामिल
मारे गए माओवादियों में DVCM दिलीप बेंडजा (इनाम 8 लाख), ACM माड़वी कोसा, ACM पालो पोड़ियम, ACM लक्खी मड़काम (तीनों पर 5-5 लाख), तथा PM जुगलो बंजाम और PM राधा मेटटा (दो-दो लाख) शामिल हैं। दिलीप बेंडजा पर बीजापुर जिले के अलग-अलग थानों में 135 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई बड़े हमलों व मुठभेड़ों में शामिल रहा था।

अब तक 229 माओवादी मारे गए
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने दो AK-47, एक 5.56 इंसास, दो .303 राइफल, एक कार्बाइन, बीजीएल लॉन्चर, ग्रेनेड, वायरलेस सेट, स्कैनर, माओवादी साहित्य, वर्दी और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में 163 माओवादी मारे गए, जबकि 2026 में अब तक आठ माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार हुए और 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।
दो जवान घायल
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि लगातार आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय सहयोग से बस्तर में माओवादी प्रभाव तेजी से खत्म हो रहा है। शेष बचे कैडरों से उन्होंने हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की है।
अभियान के दौरान प्राकृतिक खतरों का भी सामना करना पड़ा। भालू और वनभैंसे के हमले में दो जवान घायल हुए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।