पेयजल की गुणवत्ता की जांच के निर्देश, नगरीय क्षेत्रों में सैंपलिंग शुरू - rashtrmat.com

पेयजल की गुणवत्ता की जांच के निर्देश, नगरीय क्षेत्रों में सैंपलिंग शुरू

राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट (ब्यूरो)।  कलेक्टर   मृणाल मीना ने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में प्रदाय किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।   जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर  राहुल नायक ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जिले के नगरीय क्षेत्र बालाघाट, वारासिवनी, मलाजखंड, कटंगी, बैहर एवं लांजी में विभिन्न वार्डों से पेयजल के सैंपल एकत्र किए गए हैं।

स्वास्थ्य की सुरक्षा

 नगरीय निकायों द्वारा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमले द्वारा सतत निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार सुधारात्मक कदम भी उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में नागरिकों से संवाद कर यह अपील की गई है कि यदि कहीं भी दूषित अथवा गंदा पेयजल प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित नगरपालिका/नगर परिषद कार्यालय से संपर्क कर सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।     नगरीय प्रशासन द्वारा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।