निलंबित TMC विधायक ने बाबरी की नींव रखी,चंदा भी इकट्ठा किया गया - rashtrmat.com

निलंबित TMC विधायक ने बाबरी की नींव रखी,चंदा भी इकट्ठा किया गया

राष्ट्रमत न्यूज,मुर्शिदाबाद/कोलकाता/नई दिल्ली(ब्यूरो)। पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने आखिरकार बाबरी मस्जिद-शैली में मस्जिद निर्माण का शिलान्यास कर दिया है । इससे पहले उनके समर्थक सिर पर ईंट लेकर जाते हुए भी नजर आए थे । हुमायूं कबीर के इस कदम के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोर्ट ने पहले ही मस्जिद निर्माण में हस्तक्षेप करने से इंकार कर दिया था, लेकिन हुमायूं कबीर के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद गहरा गया है और प्रशासन पूरे मामले पर सतर्क निगरानी बनाए हुए है।  कबीर ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंच पर मौलवियों के साथ फीता काटकर औपचारिकता पूरी की।बाबरी मस्जिद के निर्माण के लिए लोगों से कार्यक्रम स्थल पर चंदा भी इकट्ठा किया गया। 2 लाख से ज्यादा लोग मस्जिद के लिए ईंट लेकर पहुंचे।

वॉलंटियर्स ने व्यवस्था को संभाला

इस दौरान नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर के नारे लगाए गए। कार्यक्रम में 2 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी। बंगाल के अलग-अलग जिलों से आए लोगों में कोई अपने सिर, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कोई रिक्शा या वैन से ईंट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था।कार्यक्रम के लिए 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा स्टेज तैयार किया गया था। स्टेज पर 400 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए 60 हजार से ज्यादा बिरयानी पैकेट तैयार कराए गए थे। 2 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स ने व्यवस्था को संभाला।

मस्जिद निर्माण के लिए शनिवार सुबह से लाखों लोग अपने साथ ईंट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

3 हजार से ज्यादा जवान तैनात

कार्यक्रम को लेकर बेलडांगा समेत आसपास का इलाका आज सुबह से हाई अलर्ट पर है। बेलडांगा और उसके आसपास सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की 19 टीमें, रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ, स्थानीय पुलिस की कई टीमों समेत 3 हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं।हुमायूं कबीर ने 25 नवंबर को कहा था कि वे 6 दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के 33 साल पूरे होने पर बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। TMC ने 4 दिसंबर को हुमायूं कबीर को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।

बाबरी मस्जिद के निर्माण के लिए लोगों से कार्यक्रम स्थल पर चंदा भी इकट्ठा किया गया।

मुलिम वोट बैंक खींचने की राजनीति

भाजपा नेता दिलीप घोष ने मुर्शिदाबाद में बाबरी के नाम पर मस्जिद के शिलान्यास पर कहा- जनता उन लोगों को पहचानने लगी हैं जो राजनीतिक लाभ के लिए मुसलमानों को गुमराह करते हैं। TMC और हुमायूं कबीर के बीच तालमेल है। यह मुलिम वोट बैंक खींचने की राजनीति है।सीनियर भाजपा नेता अमित मालवीय ने X पर लिखा- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आग से खेल रही हैं।

मस्जिद निर्माण रोकने की साजिशें रची गईं

कार्यक्रम से पहले हुमायूं कबीर ने शनिवार को कहा था कि हिंसा भड़काकर कार्यक्रम को बाधित करने की साजिशें रची जा रही हैं, लेकिन मैं बेलडांगा में मस्जिद की नींव रखूंगा। कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती। हम कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करेंगे।