बालाघाट में 1 नवंबर से हेलमेट अनिवार्य,नो हेलमेट,नो पेट्रोल - rashtrmat.com

बालाघाट में 1 नवंबर से हेलमेट अनिवार्य,नो हेलमेट,नो पेट्रोल

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि बालाघाट शहर में शासन के निर्देशों के अनुसार पुलिस प्रशासन द्वारा 1 नवंबर से जनहित और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है।

जल्द ही लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल
नगर पालिका अध्यक्ष ने आगे बताया कि आगामी समय में बालाघाट शहर में ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना के लिए नगर पालिका द्वारा तकनीकी विशेषज्ञों से निरीक्षण (सर्वे) करवाया गया है। विशेषज्ञों ने काली पुतली चौक और डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की अनुमति प्रदान की है।जिसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है ।नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इस माह के भीतर ही दोनों स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी।इसके साथ ही, शहर के विभिन्न स्थानों पर संकेतक बोर्ड, चेतावनी लाइट, कन्वेक्स मिरर (Curve Mirrors) और अन्य जन सुरक्षा उपकरण भी लगाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को यातायात दिशा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

हेलमेट का नियमित उपयोग करें
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम आवश्यक है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे हेलमेट का नियमित उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।हैलमेट खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें जिसमें हेलमेट की समस्त जानकारी दर्ज हो अगर कोई दुकानदार बिल देने में असमर्थता जताता है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें जिससे संबंधित पर कार्रवाई की जा सकती है ।

हेलमेट की अनिवार्यता का विरोध भी

बालाघाट में 1 नवंबर से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य हो जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कल से ‘नो हेलमेट-नो राइड ऑन द रोड’ नियम लागू होगा। पिछले 10 दिनों से पुलिस दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित कर रही है। इस मुहिम का असर दिख रहा है, जहां कई लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग शहर में हेलमेट की अनिवार्यता का विरोध भी कर रहे हैं।

 मोबाइल खरीदें,हेलमेट फ्री लें

एक मोबाइल दुकानदार सुमित मंगलानी ने मोबाइल की खरीद पर मुफ्त हेलमेट देना शुरू कर दिया है। 1 नवंबर से हेलमेट की अनिवार्यता के चलते दुकानों में हेलमेट की बिक्री बढ़ गई है। कुछ लोगों ने तो हेलमेट का बड़ा स्टॉक लाकर सड़क किनारे दुकानें लगाकर बेचना शुरू कर दिया है।

नो हेलमेट,नो पेट्रोल
पेट्रोल पंप के संचालकों ने भी अपने पेट्रोल पंप नोटिस चस्पा किया है कि नो हेलमेट नो पेट्रोल।  1 नवंबर से बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से हेलमेट अनिवार्य है, लेकिन बिना आईएसआई मार्क वाले हेलमेट पहनने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।इसलिए यह आवश्यक है कि लोग आईएसआई मार्क वाले हेलमेट ही खरीदें, ताकि वे सुरक्षित रहें और स्वास्थ्य समस्याओं से भी बच सकें। कल अपने घर से जब निकलें तो हेलेमेट लगाकर ही दो पहिया वाहन पर निकलें अन्यथा आप को चालान भरना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *