राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दो टुक कहा कि मरीजों के साथ खिलावाड़ करने वाले किसी भी मेडिकल स्टोर्स को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी मरीजों को सही दवाइयाँ मिलें और उनकी जान से कोई खिलवाड़ न हो। मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच की जाए कोई भी खामियां मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।

कई मेडिकल दुकानों में खामियां मिली
कलेक्टर के निर्देश पर रीवा में लगातार मेडिकल स्टोर्स की जांच की जा रही है।सात मेडिकल स्टोर्स को अब तक सीज किया गया है।एक दर्जन मेडिकल दुकानों में कई खामियां मिली।एक्सपायरी दवाइयां मिलने पर नोटिस दिया गया है। केवल चिकित्सकों की लिखी दवा ही बेचने को कहा गया। आज कलेक्टर से मेडिकल स्टोर्स के संचालक मिल कर अपनी बता रखी। और कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील की। इस पर कलेक्टर ने कहा अपने मेडिकल स्टोर्स के दस्तावेज दुरस्त रखें कोई कार्रवाई नहीं होगी। दुकान पर प्रोपराइटर/फार्मासिस्ट ही बैंठे।
प्रोपराइटर अनुपस्थित मिले
कलेक्टर के निर्देश पर गठित निरीक्षण दलों ने सिरमौर चौक, अस्पताल चौक और संजय गांधी अस्पताल के सामने संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर कई दुकानों को तत्काल सील कर दिया गया। निरीक्षण दल को शिवम मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट और प्रोपराइटर अनुपस्थित मिले, क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड भी अद्यतन नहीं मिला। इसी प्रकार अमित मेडिकल स्टोर, अवध मेडिकल स्टोर, विशाल मेडिकल स्टोर में क्रय-विक्रय रिकॉर्ड अद्यतन एवं संधारित नहीं थे। विशाल मेडिकल में फार्मासिस्ट भी अनुपस्थित पाया गया। अनंत मेडिकल स्टोर, ओम मेडिकल स्टोर, इंडियन फार्मेसी में प्रोपराइटर/फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपस्थिति नहीं पाई गई। इंडियन फार्मेसी में लाइसेंस का प्रदर्शन भी नहीं किया गया था।

एक्सपायरी दवाइयां मिली
निरीक्षण दल के समक्ष श्री मेडिकल स्टोर, मुकेश मेडिकल स्टोर एवं एजेंसी, शिव मेडिकल द्वारा लाइसेंस की प्रति प्रस्तुत नहीं की गई, मुकेश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नवीनीकृत नहीं था, और इन दुकानों पर एक्सपायरी दवाइयों का संग्रहण भी
मिला, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। निरीक्षण दल को राम मेडिकल, अभिषेक मेडिकल और कमल मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट की उपस्थिति तो मिली, लेकिन उनके रिकॉर्ड अद्यतन नहीं थे। इन तीनों को रिकॉर्ड तुरंत अपडेट करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

अन्नपूर्णा मेडिकल के बाद तेज हुई कार्रवाई
इससे पहले शहर के सबसे बड़े अन्नपूर्णा मेडिकल स्टोर के संचालक ने खुफिया कैमरे पर रीवा में नकली दवाओं के व्यापार का खुलासा किया था। भास्कर में खबर चलने के तीन घंटे के भीतर ही अन्नपूर्णा मेडिकल को सील कर दिया गया था। इसके बाद से ही प्रशासन ने अन्य मेडिकल स्टोर्स पर सख्ती बढ़ाते हुए सोमवार को 12 और दुकानें सील कर दीं।
अभियान सतत रूप से जारी रहेगा
निरीक्षण दल में एसडीएम, नायब तहसीलदार और ड्रग इंस्पेक्टर उपस्थित रहे। सील की गई दुकानों के विरुद्ध अब अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि दवाईयों के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड पूरी तरह से अपडेट रहे और फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य हो। यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।