राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। संभागीय मुख्यालय रीवा के डीआईजी कार्यालय में पदस्थ सिपाही राजीव वर्मा ने अपनी पत्नी सावित्री बर्मन के साथ दरिदंगी की हदें पार कर दिया। थर्ड डिग्री से ऐसे पेश आया जैसे सावित्री उसकी पत्नी नहीं कोई गंभीर मुलजिम हो। उसने पुलिस की वर्दी को शर्मसार कर दिया। पत्नी सावित्री ने डीआईजी के समक्ष जो बातें कही उसे सुनकर किसी का भी खून खौल उठे। गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मारा।जिससे उसका दो बार गर्भपात हो गया। पुलिस विभाग कह रहा है,मामले की विभागीय जांच के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

झूठ बोलकर शादी किया
सावित्री ने अपने पति राजीव वर्मा के खिलाफ आरोप लगाया कि झूठ बोलकर उसने शादी किया।डंडे से पीटना उसकी पुरानी आदत है। इलाज के लिए अस्पताल तक नहीं जाता इस डर से कि कहीं डाॅक्टर न कह दें कि पहले रिपोर्ट दर्ज कराएं। फिर इलाज होगा। दो बार गर्भवती हुई। दोनों दफा पेट में लात मारा जिससे गर्भपात हो गया। सीसीटीवी कैमरे का मेमोरी कार्ड निकालकर खून से सने फ्लोर को साफ किया।
दीपावली के दिन बुरी तरह मारा
दीपावली के दिन राजीव वर्मा ने अपनी पत्नी सावित्री के साथ बड़ी बेहरमी से पेश आया। उसे मार मार कर बेसख्त कर दिया। कमरे में बंद कर दिया। इलाज के लिए गुहार लगाती रही लेकिन उसने नहीं सुना। पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। उसकी शिकायत पर पुलिसकर्मी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

डर के कारण मायके चली आई
घटना बिछिया थाना क्षेत्र स्थित विंध्याचल कालोनी पुलिस लाइन की है। पीड़िता सावित्री बर्मन 19 और 20 अक्टूबर को उसके साथ हुई मारपीट के बाद डर के मारे अपने मायके चली गयी।
क्यों मारा राजीव ने
सावित्री के मुताबिक उसका सिर्फ इतना कसूर था कि उसने मायके सतना जाने और दीपावली के दिन पूजा सामग्री लाने को कहा था। पूजन के लिए कुछ सामान मांगा था। नाराज पति ने डंडे और बेल्ट से पीट दिया। जब गंभीर चोट आई तो दिनभर उसे कमरे में बंद रखा। डाक्टर के पास तक नहीं जाने दिया।

फूटेज डिलीट कर दिया
सावित्री ने कहा मुझ पर नजर रखने के लिए राजीव ने घर के हाल से लेकर कमरे तक सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। मेरे साथ बर्बरता और मारपीट की पूरी घटना इनमें कैद हो गई।जब उसकी नजर सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी तो उसने तत्काल कार्ड को निकाला और मारपीट के सारे फुटेज डिलीट कर दिए। कार्ड को निकालकर अपने पास रख लिया।
महिला टीचर से शादी की थी
सवित्री ने बताया कि राजीव की पहली शादी एक टीचर से हुई थी। बाद में इनका तलाक हो गया था। लेकिन उसने यह बात छिपाई थी। शादी के काफी समय बाद पहली शादी का खुलासा हुआ। अलगाव के बाद भी वह पहली पत्नी से बात करता है।

कुटुम्ब कोर्ट में मामला चला
सावित्री की शादी 2016 में राजीव से हुई थी। कुछ समय तक तो सब ठीक रहा। फिर पति दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। रोज रोज की प्रताड़ना से तंग आकर मैंने कानूनी मदद ली। मामला पन्ना के कुटुंब न्यायालय तक पहुंचा।7 साल तक मामला अदालत में चला। न्यायालय ने मेरे पक्ष में फैसला किया। 7 हजार रुपए महीना खर्चा देने की बात हुई तो राजीव ने जज साहब से माफी मांगी और मुझे अच्छे से रखने को कहा। समझौते के बाद मुझे रीवा लेकर आ गए। सावित्री के अनुसार राजीव का कहना था कि अगर मैं सस्पेंड हो गया था तो पहली पत्नी को फिर से अपना लूंगा। मेरा सारा खर्च वो उठा लेगी लेकिन तेरे को अब नहीं रखूंगा। तेरे को बर्बाद कर के ही दम लूंगा।