विंध्य और बुंदेलखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं -डॉ. यादव - rashtrmat.com

विंध्य और बुंदेलखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं -डॉ. यादव

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।   विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में 24 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। सतना-देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर तथा रीवा-चुरहट के 65 किलोमीटर रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। इस उपलब्धि के साथ सीधी जिले का रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र पहली बार रेल सेवा से जुड़ गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन का नया साधन मिलने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

विकास के नए अवसर खोलेगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड को नई रेल सेवा की सौगात मिली है, जिससे दीपावली की रौनक और बढ़ गई है। अब तक रेल सेवा से वंचित रहे क्षेत्र विकास के नए दौर
में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख जिलों को जोड़ेगी तथा विकास के नए अवसर खोलेगी। खनिज संसाधनों से समृद्ध इस क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में रेल विकास के नए अवसर साकार हो रहे हैं। प्रदेश में 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगतिरत है।

विकास की लाइफलाइन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए विकास की लाइफलाइन जुड़ने का दिन है। इस क्षेत्र के लोगों का रेल कनेक्टिविटी का सपना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री  अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में दूरस्थ अंचलों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार किया गया, उसी प्रकार प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में
देशभर में रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के दो महत्वपूर्ण खंडों का कार्य पूरा होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह रेल लाइन ऊर्जा और उद्योगों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी तथा विंध्य क्षेत्र को औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ाएगी।

विस्तार का नया अध्याय शुरू

चुरहट से गोविंदगढ़ तक यात्रा के दौरान ट्रेन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने पर लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस अवसर को यादगार बनाया। लोगों के लिए यह केवल नई ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि लंबे समय से प्रतीक्षित रेल संपर्क के साकार होने का
अवसर था। रेल सेवा से चुरहट, गोविंदगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे दैनिक
यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र के पहली बार रेल सेवा से जुड़ने से विंध्य क्षेत्र में यात्री परिवहन के विस्तार का नया अध्याय शुरू हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *