राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा,लेकिन डिप्टी CMअपने जिला रीवा में नशीली सिरप का धंधा नहीं बंद करा सकते। क्यों कि गंदा है ,मगर धंधा है।हर सप्ताह कहीं न कहीं पुलिस कोरेक्स की खेप पकड़ रही है।एम्बुलेंस से कोरेेक्स की तस्करी हो रही है और स्वास्थ्य मंत्री कुछ नहीं कर पा रहे हैं। रायपुर कर्चुलियान की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2314 शीशियां कोरेक्स की जप्त की।जिनकी बाजार कीमत करीब चार लाख 52 हजार रुपए बताया जा रहा है।एक दिन पहले यानी रविवार 20 अक्टूबर को सोहागी थाना पुलिस ने एक कार से 1320 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की।

नशीली सिरप जब्त
रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने नशीली कफ सिरप की तस्करी करने दो आरोपियों को कोरेक्स के साथ गिरफ्तार किया।आरोपियों के पास से साढ़े चार लाख की नशीली सिरप जप्त की।
मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी
एसडीओपी उदित मिश्रा ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बुढ़िया टिकैता टोला रोड पर नशीली सिरप लाने वाले दो कारों को रोका। काली होंडा डब्ल्यू आर वी कार एमपी 19 सीसी 5805 से आठ प्लास्टिक की बोरियों में 1834 कोरेक्स की शिशियां और दूसरी सिल्वर वैगन आर एमपी 49 सी 2490 से 4 खाकी कार्टुन में रखे 480 नशील सिरप बरामद किये।

दोनों आरोपी सीधी जिले के
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों राहुल सिंह पिता राजकुमार सिंह 29 निवासी पावा थाना चुरहट और उत्कर्ष द्विवेदी पिता पन्नालाल द्विवेदी 29 निवासी रकेला थाना रामपुर नैकिन जिला सीधी को गिरफ्तार किया।दोनों के खिलाफ एनडीपी एस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जब्त वाहन और नशीले पदार्थ को थाने में सुरक्षित रखा गया।

कार से 1320 शीशी सिरप बरामद
एक दिन पहले यानी रविवार 20 अक्टूबर को सोहागी थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार से 1320 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है।थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि आरोपी का नाम बुलबुल रैदास है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीली सिरप प्रयागराज के गौहनिया से रीवा के रतहरा में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था। रतहरा में उसे यह सिरप किसी दूसरी पार्टी को डिलीवरी करनी थी।