महागठबंधन की गांठ खोलेंगे गहलोत,खत्म करेंगे तकरार - rashtrmat.com

महागठबंधन की गांठ खोलेंगे गहलोत,खत्म करेंगे तकरार

राष्ट्रमत न्यूज,पटना (ब्यूरो)। महागठबंधन में पांच दस सीटों पर तनातनी है।इस रार को खत्म करने की जवाबदारी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दी गयी है। उन्होंने राबड़ी देवी के निवास पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि कल होने वाली बैठक में सीट को लेकर जो विवाद है वो खत्म हो जाएगा। वैसे भी पांच दस सीटों पर टकराव होना आम बात है। चुनाव को लेकर जो भी गलतफहमियां है वो कल होने वाली बैठक में दूर कर दी जाएगी।

जो भी भ्रम है वो स्पष्ट हो जाएगा

महागठबंधन में अब CM फेस और सीटों को लेकर खींचतान शुरू है। इस बीच कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर गहलोत ने कहा, 5-6 सीटों पर कुछ नेताओं ने उत्साह में आकर नॉमिनेशन कर दिया।उन्होंने कहा, ‘महागठबंधन में 5-6 सीटों पर विवाद बड़ी बात नहीं है। किसी भी प्रदेश में अगर अलायंस होगा तो कुछ सीटों पर विवाद भी हो सकता है। इसे बहुत बड़े रूप में नहीं देखना चाहिए। एक दो दिन में जो भी भ्रम है वो स्पष्ट हो जाएगा।

एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रहे

गहलोत ने बताया, ‘लालू प्रसाद यादव ने साफ कहा है कि हम पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का प्रचार अभियान संभालेंगे। पूरा I.N.D.I.A. गठबंधन एक मंच पर आकर चुनाव प्रचार करेगा।अशोक गहलोत पटना एयरपोर्ट से सीधा राबड़ी आवास पहुंचे हैं। वहां तेजस्वी यादव और लालू यादव के साथ सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हो रही है। अशोक गहलोत के साथ कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू भी मौजूद हैं।

कल सभी जवाब मिल जाएंगे

इधर, तेजस्वी यादव ने कहा, ‘महागठबंधन में कोई विवाद नहीं है। आपको कल सभी जवाब मिल जाएंगे।’ जानकारी के मुताबिक, कल के प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के सभी दल शामिल होंगे।’

 राहुल गांधी के चेहरे पर लड़ेंगे तो जीतेंगे

महागठबंधन में अब CM फेस को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, ‘चुनाव के बाद जिसको मुख्यमंत्री बनाना है उसे मना लें। कांग्रेस से तो मुख्यमंत्री बनना नहीं है।बनेगा तो RJD से ही या किसी और से..ये चुनाव के बाद हमारे नेता और गठबंधन के नेता तय कर लेंगे। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री तय करने का क्या मतलब है। बिहार की जनता राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहती है। राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे तो हम INDIA गठबंधन की सरकार बना पाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *