राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में नवरात्र पर्व खत्म हो रहा है। मंगलवार से सार्वजनिक प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। सुरक्षित विसर्जन को लेकर कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को वैनगंगा नदी के घाट पर विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया।कलेक्टर ने सुरक्षा के निर्देश दिए। विसर्जन घाटों पर अनाउंसमेंट होगा और जलस्तर कम होने से प्रतिमाएं नदी के बीच विसर्जित होंगी। रात में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा।
अप्रिय घटना की आशंका न रहे
कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। विसर्जन स्थल पर ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका न रहे। एसडीएम गोपाल सोनी ने बताया कि शहर में 70 प्रतिमाएं स्थापित हैं। इनके विसर्जन के लिए वैनगंगा नदी के छोटे पुल, विसर्जन कुंड, महामृत्युंजय घाट आदि पर पुलिस, नगर पालिका, होमगार्ड व एसडीईआरएफ की टीमें तैनात होंगी।नवरात्र का समापन नवमी पर होगा। मंगलवार से प्रतिमा विसर्जन दो-तीन दिनों तक चलेगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उके भी मौजूद रहेंगे।