बालाघाट में बस चालक की गिरने से और सड़क हादसे में महिला की मौत - rashtrmat.com

बालाघाट में बस चालक की गिरने से और सड़क हादसे में महिला की मौत

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  बालाघाट में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। एक सूत्र सेवा बस चालक जफर खान की यात्री प्रतीक्षालय से गिरने के बाद रास्ते में मौत हो गई, जबकि बिरसा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बिरसा अस्पताल में उपचार के दौरान  अनिता धुर्वे ने दम तोड़ दिया।

जफर खान कमरे से गिर गए

पुराने एसटी परिवहन यात्री प्रतीक्षालय में   सूत्र सेवा बस के चालक जफर खान (45) कमरे से गिर गए। जफर खान भोपाल के निवासी थे और भोपाल से बस लेकर बालाघाट आए थे। यह घटना कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।वाहन के परिचालक सचिन राजपूत ने बताया कि उन्होंने जफर खान को नीचे गिरा हुआ पाया, उनकी सांसें तेज चल रही थीं। एम्बुलेंस (108) और पुलिस (100) को फोन नहीं लगा, जिसके बाद डायल 112 की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंदिया अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका

अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। परिजनों के बालाघाट नहीं पहुंचने के कारण अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि देर शाम तक मृतक के परिजनों के पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

उपचार के दौरान मौत हो गई

दूसरी घटना बिरसा थाना क्षेत्र के दमोह पेट्रोल पंप के पास हुई। दो दोपहिया वाहनों की भिड़ंत में दमोह निवासी अनिता धुर्वे (32), की बिरसा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अनिता अपने पति महेश के साथ सालेटेकरी से दमोह स्थित अपने घर आ रही थीं।दूसरी मोटरसाइकिल का चालक दमोह से बहेराभाटा अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान दमोह पेट्रोल पंप के पास वाहनों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में अनिता की मौत हो गई, जबकि उनके पति महेश और अन्य मोटरसाइकिल चालक को मामूली चोटें आईं। बिरसा पुलिस ने  मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *