तीन अस्पतालों से रेफर के बाद प्रेग्नेंट महिला की मौत - rashtrmat.com

तीन अस्पतालों से रेफर के बाद प्रेग्नेंट महिला की मौत

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। तीन अस्पतालों से लगातार रेफर किए जाने के बाद एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला ने महाराष्ट्र के गोंदिया में एक मृत शिशु को जन्म दिया था। दो दिन बाद बालाघाट जिला अस्पताल में उसकी जान चली गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया है। मृतक महिला की पहचान कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव निवासी सविता पति देवीप्रसाद ठाकरे (27) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले सात माह की गर्भवती सविता को प्रसव पीड़ा होने पर कटंगी अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उसे बालाघाट जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आगे रेफर कर दिया
जिला अस्पताल से भी उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया। निजी अस्पताल ने भी उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित अस्पताल ले गया। जहां उसने एक मृत शिशु को जन्म दिया। गोंदिया अस्पताल से उसकी गंभीर हालत के कारण उसे फिर रेफर कर दिया गया। लगातार रेफर किए जाने से आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके परिजन उसे वापस बालाघाट जिला अस्पताल लेकर आए। उसे 13 अक्टूबर को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उपचार के दौरान 14 अक्टूबर की देर रात उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने बुधवार को शव बरामद किया। पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।