राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ी हलचल की खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी के चलते एनडीए के सीट शेयरिंग फार्मूले में बदलाव किया जा सकता है। बिहार में विधानसभा चुनाव का ऐलान हुए 8 दिन हो गए हैं। लेकिन NDA और महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज हैं। उनकी नाराजगी की वजह है 9 सीट पर खड़े प्रत्याशियों को लेकर है। यह माना जा रहा है कि बीजेपी नीतीश को खुश करने एक कम सीट पर चुनाव लड़ने को राजी हो गयी है। वहीं जीतन राम मांझी का कहना है कि वो चराग पासवान के खिलाफ बोधगया और मखदुमपुर में अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे। भागलपुर सांसद अजय ने नीतीश को अपना इस्तीफा भेज दिया है।टिकट कटने पर गोपाल मंडल अपने समर्थकों के साथ सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गये हैं।

एक चर्चा ऐसी भी
नीतीश की नाराजगी के चलते कहा जा रहा है कि बीजेपी अपने कोटे से एक अतिरिक्त सीट जीतन राम मांझी की पार्टी हम को दे सकती है। ऐसा होने पर बीजेपी की सीटें घटकर 100 रह जाएंगी और वह जेडीयू से एक सीट कम पर चुनाव लड़ेगी। जिससे पहली बार वह छोटे भाई की भूमिका में आ सकती है। दूसरी ओर चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के कोटे से एक सीट उपेंद्र कुशवाहा को भी दिए जाने की चर्चा है।

सीट बंटवारे के फार्मूले से खफा
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी की तपिश तेज हो गयी है। एनडीए में सीटों के बंटवारे का फार्मूला गठबंधन के सहयोगी दलों को पच नहीं रहा है। पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी नाराजगी जताई वहीं, अब गठबंधन के अहम दल जनता दल यूनाइटेड में भी घमासान मचा हुआ है। इस बीच जदयू विधायक गोपाल मंडल नीतीश कुमार के आवास पर धरने पर बैठ गए।

लालू ने RJD कैंडिडेट्स को सिंबल दिया
JDU ने इन सीटों को लेकर BJP से फिर विचार करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि आज शाम को NDA की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है। उधर, महागठबंधन में भी मामला फंसा है।सोमवार को लालू यादव ने RJD कैंडिडेट्स को सिंबल दे दिया था, लेकिन महागठबंधन में दरार की खबर के बीच देर रात कई कैंडिडेट्स से सिंबल वापस ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी की आपत्ति के बाद यह फैसला लिया गया।
14 लाख नए वोटर्स
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 6 अक्टूबर को हुआ था। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर 2 फेज में वोटिंग होगी। मतदान 6 और 11 नवंबर को होंगे और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। पहले फेज में पटना समेत बिहार की 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।दूसरे चरण में बॉर्डर से सटे 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव के ऐलान से काउंटिंग तक की प्रक्रिया 40 दिन चलेगी। इस विधानसभा चुनाव में करीब 7.42 करोड़ वोटर हैं। इनमें 14 लाख नए वोटर्स हैं।

AIMIM और जनसुराज पार्टी से खतरा
17% वोट और करीब 50 सीटों पर असर, ये बिहार में मुस्लिम समुदाय की ताकत है। माना जाता है कि मुस्लिम RJD के वोट बैंक रहे हैं। 14% यादव और 17% मुसलमान पहले लालू की सरकार बनवाते रहे। अब तेजस्वी के साथ हैं। हालांकि इस बार खेल बदलता दिख रहा है। वजह है असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और प्रशांत किशोर। मुस्लिम वोट न बंटे, इसलिए दोनों तेजस्वी का साथ चाहते थे, लेकिन तेजस्वी ने तवज्जो नहीं दी। 2020 के चुनाव में 5 सीटें जीतने वाली ओवैसी की पार्टी इस बार 32 सीटों पर कैंडिडेट उतारेगी। इन सीटों में 19 पर महागठबंधन के विधायक हैं।प्रशांत किशोर भी कैंडिडेट उतार रहे हैं। ऐसे में RJD के मुसलमान वोट बैंक को AIMIM और जनसुराज पार्टी से सबसे ज्यादा खतरा दिख रहा है। अगर मुस्लिम वोट बंटे तो NDA को सीधा फायदा होगा।
सांसद अजय ने नीतीश को भेजा इस्तीफा

भागलपुर से जदयू सांसद अजय मंडल ने सीएम नीतीश को अपना इस्तीफा भेजा है। अजय मंडल ने अपने इस्तीफे में लिखा है, ‘विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे में मेरी सलाह नहीं ली गई। इसलिए मैं अपने पद से इस्तीफा देता हूं।”2019 में जिन सीटों पर मैंने कैंडिडेट्स बताए थे, उनकी जीत हुई थी। आज जब पार्टी के कुछ लोग मेरे ही लोकसभा में टिकट बांटने का काम कर रहे हैं और संगठन की अनदेखी कर रहे हैं, तब ये स्थिति दुखद है। मुझे आपसे मिलने तक नहीं दिया जा रहा है, न ही मेरी राय सुनी जा रही है।’
इन सीटों पर कोई विवाद नहीं
NDA में सीट शेयरिंग को लेकर जारी घमासान के बीच BJP ने अपने उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। ऐसे 48 प्रत्याशियों को पर्चा दाखिल करने का निर्देश मिला है। इन सीटों पर कोई विवाद नहीं है।वहीं जदयू ने भी अपने नेताओं को सिंबल देना शुरू कर दिया है।BJP सूत्रों की माने तो विधानसभाध्यक्ष और पटना सिटी से विधायक नंद किशोर यादव और कुम्हरार से विधायक अरुण कुमार का टिकट कटा है।
JDU के 4 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया
- सुपौल से JDU कैंडिडेट बिजेन्द्र यादव ने नामांकन कर दिया है
- बतौर जदयू कैंडिडेट अनंत सिंह ने मोकामा से नामांकन भरा
- वैशाली से JDU के सिद्धार्थ पटेल ने नामांकन भरा
- पिपरा से जदयू के रामविलास कामत ने भी पर्चा भरा