राष्ट्रमत न्यूज,पटना(ब्यूरो) । बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की ओर से सोमवार 13 अक्टूबर को प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी गई। इस मौके पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे। जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती उपस्थित रहे।दूसरी लिस्ट में 65 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई। दूसरी लिस्ट में एससी-एसटी से 20 और 14 मुस्लिमों को टिकट दिया गया है।भागलपुर दंगे का केस लड़ने वाले वकील को भी पीके ने उम्मीदवार बनाया है। बिहार चुनाव में पहली बार प्रशांत ने जातीय गणित का नायाब तरीका अपनाया है। अति पिछड़ वर्ग से एक तिहाई टिकट दिया है। आज तक किसी भी पार्टी ने अति पिछड़ा वर्ग को इतना टिकट नहीं दिया है।

EBC से 17 कैंडिडेट उतारे
बिहार चुनाव के लिए प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने सोमवार को अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। आज जारी सूची में 20 रिजर्व सीट है, जबकि 46 जनरल हैं। लिस्ट में SC-19, ST-1 और 14 मुस्लिम कैंडिडेट्स को उतारा गया है। 45 सामान्य सीटों में 34 मुस्लिम, EBC और OBC को उतारा गया है। इनमें सवर्णों को 11 सीटें दी गई हैं।जनसुराज के जातीय समीकरण की बात करें तो सबसे ज्यादा EBC से 17 कैंडिडेट उतारे हैं। SC/ST से 7 और OBC से 11, अल्पसंख्यक 6 और सामान्य वर्ग से 7 लोगों को टिकट दिया है।

243 कैंडिडेट की लिस्ट
इनमें सबसे बड़ा नाम अभयकांत झा का है, जिसे पार्टी ने टिकट दिया है। 74 साल के अभयकांत झा ने भागलपुर दंगे में मुस्लिमों के पक्ष में केस लड़ा था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने उनका परिचय कराते हुए पार्टी में उनका स्वागत किया।प्रशांत किशोर ने कहा कि समाज के हर वर्ग से अच्छे लोगों को चुनकर ही पार्टी 243 कैंडिडेट की लिस्ट तैयार कर रही है।

शायद ही कोई समाज बचेगा- PK
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘हमने जो वादा किया था कि जिसकी जितनी संख्या है, उसको उतनी भागीदारी दी जाएगी। हमने कहा था समाज से अच्छे लोगों को चुनकर लाएंगे। जब 243 नामों की घोषणा हो जाएगी तो शायद ही कोई समाज बचेगा, जिसके लोग को टिकट नहीं मिला हो।’हमने तय किया है कि 70 अति पिछड़ा समाज के लोग चुनाव लड़ेंगे। अगर उनके पास साधन नहीं होगा तो पार्टी साधन जुटाएगी। उन्हें ट्रेनिंग भी दी जाएगी।’दोनों लिस्ट मिलाकर 116 सीट पर कैंडिडेट्स की घोषणा हो गई है, इनमें 25 रिजर्व हैं। आरक्षित सीटें 25 कर रहे हैं। बच गई 91 सीट, इनमें 31 में अति पिछड़ा समाज को भागीदारी दी गई है।

गोपालगंज से प्रीति किन्नर
इससे पहले 9 अक्टूबर को पीके ने 51 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें डॉक्टर से लेकर किन्नर तक शामिल हैं। वहीं, टिकट नहीं मिलने पर कुछ नेताओं ने हंगामा भी किया था।जनसुराज ने समस्तीपुर की मोरवा विधानसभा से कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह की बेटी लता सिंह को अस्थावां से टिकट मिला है। जनसुराज ने गोपालगंज से प्रीति किन्नर को भी उतारा है।इसके अलावा गणितज्ञ केसी सिन्हा को पटना के कुम्हरार, पटना हाईकोर्ट के वकील वाई वी गिरी को सारण के मांझी से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा, हर एक दिन के बाद लिस्ट जारी करते रहेंगे। वहीं प्रशांत किशोर ने 11 अक्टूबर को राघोपुर से चुनाव अभियान की शुरुआत कर चुके है।