राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। मां कर्मा तेली साहू समाज के जिला अध्यक्ष तरुण साहू के निवास पर आधी रात बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने पहुंचकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और पत्थरबाजी की। 25 नवंबर की रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच हुई इस घटना से अध्यक्ष और उनका परिवार दहशत में है। मामले को गंभीर बताते हुए समाज की ओर से आईजी को शिकायत सौंपकर हमलावरों और उनके साथ साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

जान से मारने की धमकी दी
समाज के अध्यक्ष तरुण साहू ने बताया कि बाइक सवार दो अज्ञात युवक वार्ड क्रमांक 24 स्थित शक्तिनगर, पॉवर हाउस के सामने उनके निवास पर पहुंचे। दोनों ने घर के सामने खड़े होकर उनका नाम लेकर आवाज लगाई और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पत्थरबाजी की। हालांकि, पत्थर तरुण साहू के घर के बजाय पड़ोसी के मकान में जा गिरा, जिससे वहां रखी कई वस्तुएं क्षतिग्रस्त होने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के बाद से तरुण साहू और उनका परिवार भयभीत है। पीड़ित तरुण साहू सहित समाज के सभी लोगों ने आशंका जताई है कि यह महज धमकी देने की घटना नहीं, बल्कि उन्हें नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित साजिश हो सकती है।