रात में मोबाइल चलाते पत्नी को देख,पति ने गुस्से में गला दबा दिया - rashtrmat.com

रात में मोबाइल चलाते पत्नी को देख,पति ने गुस्से में गला दबा दिया

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। मोबाइल आज हमारी जिंदगी   में तनाव और विवादों का कारण भी बनता जा रहा है। मोबाइल की बढ़ती लत किस तरह पति-पत्नी के रिश्तों में दूरी पैदा कर सकती है। इसका एक दुखद उदाहरण तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनहेटी में सामने आया है। यहां देर रात तक मोबाइल चलाने की बात को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक 27 वर्षीय नवविवाहिता सुषमा राऊत की जान चली गई। आरोप है कि पति ने आवेश में आकर अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश राऊत 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है।

सुषमा मोबाइल चला रही थी
सुषमा राऊत, जिसका साल 2023 में सिवनहेटी निवासी दिनेश राऊत के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी अलग रहने लगे थे, उनके कोई बच्चे नहीं थे। दिनेश पेशे से मजदूर है। हाल के दिनो में सुषमा अपने मायके पक्ष की रिश्तेदारी में गई हुई थी और 17 नवंबर को लौटी थी। उस रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर भोजन किया और उसके बाद सोने चले गये। इस दौरान सुषमा मोबाइल चला रही थी, जबकि उसका पति दिनेश गहरी नींद में सो गया था। लेकिन रात करीब 12:30 बजे जब दिनेश की नींद खुली तो उसने देखा कि सुषमा उस समय भी मोबाइल चला रही थी। जहां दिनेश ने पत्नी से देर रात तक मोबाइल चलाने को लेकर मना किया। लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। जहां आक्रोश में आकर दिनेश ने सुषमा का गला दबा दिया और दम घुटने से सुषमा की मौत हो गई।

डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया
घटना के बाद दिनेश पुरी तरह घबरा गया और परिजनो को सुषमा की अचानक तबीयत बिगड़ने की बात बताते हुए उसे कटंगी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया। नवविवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। 18 नवंबर को तिरोड़ी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुषमा की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की और पति दिनेश राऊत से पूछताछ की। जहां पूछताछ के दौरान दिनेश ने देर रात तक मोबाइल चलाने को लेकर पत्नी से विवाद होने और इसी दौरान उसका गला दबाने की बात स्वीकार की। जिसके बाद पुलिस ने दिनेश राऊत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *