प्रो आशीष त्रिपाठी को मिलेगा डॉ.पी. एन. सिंह आलोचना सम्मान - rashtrmat.com

प्रो आशीष त्रिपाठी को मिलेगा डॉ.पी. एन. सिंह आलोचना सम्मान

राष्ट्रमत न्यूज,प्रयागराज(ब्यूरो)। जीवनोदय शिक्षा समिति द्वारा दिया जाने वाला प्रतिष्ठित डॉ. पी. एन. सिंह आलोचना सम्मान इस वर्ष 23 दिसम्बर 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रो. आशीष त्रिपाठी, आचार्य, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी को दिया जायेगा। इसके पूर्व यह सम्मान डॉ. वैभव सिंह, दिल्ली ‘ को दिया गया था। इस सम्मान की घोषणा करते हुए समिति के अध्यक्ष प्रो. रामनारायण तिवारी ने बताया कि आशीष त्रिपाठी बहु विद्याधर आचार्य है। कविता, आलोचना और नाटक के क्षेत्र में यह लगातार काम कर रहे हैं। इनका पहला कविता संग्रह ‘एक रंग ठहरा हुआ’ 2010 में प्रकाशित हुआ और लक्ष्मण प्रसाद मंडलोई स्मृति सम्मान से सम्मानित हुआ।
समकालीन कविता पर लगातार लेखन
दूसरा कविता संग्रह ‘शांति पर्व’ 2024 में प्रकाशित हुआ। कविता के साथ ही आलोचना के क्षेत्र में इन्होंने बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है।  ‘समकालीन हिन्दी रंगमंच और रंगभाषा’ , ‘भक्ति आन्दोलन और तुलसीदास’, ‘हिन्दी नाटकों पर लोक रंग-परम्पराओं का प्रभाव’ पुस्तक के प्रकाशन के बाद इन दिनों रज़ा फेलोशिप के तहत हबीब तनवीर की जीवनी लिखने के साथ ही समकालीन कविता पर लगातार लेखन लिख रहे हैं। आलोचना कार्य के लिए इन्हें 2016 के स्पंदन सम्मान और 2026 के नामवर सिंह सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
केंद्रित पुस्तक का संपादन
प्रो. नामवर सिंह की उन्नीस पुस्तकों का संपादन कार्य कर इन्होंने हिन्दी आलोचना को समृद्ध करने का गुरुत्तर दायित्य निभाया है। नामवर सिंह के साथ ही  इन्होंने ‘रामचंद्र शुक्ल रचनावली’ के आठ खंडों का संपादन कार्य किया है। इनके साथ ही चंद्रकांत देवताले के साक्षात्कार संग्रह ‘मेरे साक्षात्कार’, काशीनाथ सिंह के तीन कथा-चयनों ‘प्रतिनिधि कहानियाँ’, ‘खरोंच’ व ‘पायल पुरोहित तथा अन्य कहानियाँ’, स्वयं प्रकाश के कथा चयन ‘प्रतिनिधि कहानियां’, अरुण कमल के चयन ’75 कविताएँ’, ‘नाट्य व्यक्तित्व मोहन राकेश’,  ‘आषाढ़ का एक दिन : पुनर्मूल्यांकन’ और राधाकृष्ण मूल्यांकन माला के तहत ‘ध्रुवस्वामिनी’ पर केंद्रित पुस्तक का संपादन कार्य भी किया है।
पी एन सिंह बुद्धिधर्मी आलोचक थे
तिवारी जी ने बताया कि पी एन सिंह बुद्धिधर्मी आलोचक थे। हिंदी आलोचना में उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनका विपुल लेखन साहित्य और समाज को हमेशा मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।समिति का यह ध्येय है कि उनके नाम पर दिया जाने वाला सम्मान उनकी वैचारिकी को आत्मसात करने वाले आलोचक को ही दिया जाय। जिसकी पहचान अपनी काम और प्रतिबद्धता के चलते हो। समिति ने इस कसौटी पर प्रो आशीष त्रिपाठी जी को खरा पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *