राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले के डभौरा नगर परिषद की यूनिट क्रमांक-3 में गौशाला निर्माण के नाम पर हुए लाखों रुपये के कथित घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। वर्ष 2020 में गौशाला निर्माण के लिए स्वीकृत करीब 37 लाख 85 हजार रुपये की राशि में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में आज आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW की टीम जांच करने मौके पर पहुंची।
छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
बताया जा रहा है कि गौशाला निर्माण के नाम पर सरकारी राशि का भुगतान तो करा लिया गया, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य अधूरा मिला। इसी मामले में EOW ने अक्टूबर 2026 में तत्कालीन अधिकारियों और ठेकेदार सहित छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।

37.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी
दरअसल, डभौरा नगर परिषद की यूनिट क्रमांक-3 में गौशाला भवन, बछड़ों के लिए अलग शेड, भूसा गोदाम, बीमार गायों के लिए शेड, नलकूप, पानी की टंकी, बाउंड्रीवॉल और जमीन का समतलीकरण कराया जाना था। इसके लिए करीब 37.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
कुशवाहा को अनुचित लाभ दिया गया
लेकिन EOW की जांच में सामने आया कि मौके पर केवल करीब 80 बाय 25 फीट की अधूरी बाउंड्रीवॉल और एक अधूरा भवन ही मिला। गौशाला के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं मौके पर मौजूद नहीं थीं।जांच में टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। आरोप है कि एक ही कार्य के लिए दो कथित फर्जी निविदाएं तैयार की गईं और छतरपुर की मेसर्स दीनदयाल कुशवाहा फर्म को अनुचित लाभ पहुंचाते हुए कार्यादेश जारी किया गया।

कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज
आंकड़ों के मुताबिक, 37.85 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के मुकाबले पोर्टल पर 27.38 लाख रुपये के बिल दर्ज किए गए, जबकि वास्तविक भुगतान करीब 20.22 लाख रुपये बताया गया है।इस मामले में EOW ने तत्कालीन कार्यपालन यंत्री राजेंद्र सिंह धुर्वे, डीएस आर्मो, हिमांशु तिवारी, तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी जगदीश सिंह राजपूत, तत्कालीन सहायक ग्रेड-3 लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला और ठेकेदार दीनदयाल कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गौशाला पूरी क्यों नहीं बन पाई
अब आज EOW की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद इस पूरे मामले में जांच और भौतिक सत्यापन की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि गौवंश के संरक्षण के लिए स्वीकृत लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद गौशाला पूरी क्यों नहीं बन पाई? सरकारी राशि का भुगतान किस आधार पर किया गया और इस कथित घोटाले के लिए जिम्मेदार कौन है?फिलहाल EOW की जांच पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।